Hazaribagh: बरही थाना क्षेत्र के पंचमाधव गांव निवासी मेघू मियां के 45 वर्षीय पुत्र मो. शहादत अंसारी बुधवार को बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि मोहर्रम पर्व की खरीदारी के लिए जाते समय पंचमाधव जीटी रोड पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही युवा सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर कुमार मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों व परिजनों के सहयोग से घायल को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल बरही पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार दुर्घटना में मो. शहादत अंसारी के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है, जिसके कारण उन्हें विशेष चिकित्सकीय देखरेख की आवश्यकता है।

घटना के बाद परिजनों ने समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय लोगों ने उनकी तत्परता, संवेदनशीलता और मानव सेवा की भावना की सराहना करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना के दौरान बिना समय गंवाए घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाना एक अनुकरणीय कार्य है। लोगों ने कहा कि सिकंदर कुमार ने जरूरतमंद की मदद कर समाज के सामने मानवता की मिसाल पेश की है।
इसे भी पढ़े: कोडरमा-धनबाद रेलखंड पर टला बड़ा हादसा, एक ही ट्रैक पर आगे-पीछे पहुंचीं दो वंदे भारत ट्रेनें