गावां : बाल श्रम के खिलाफ संयुक्त अभियान, दो बच्चों को बाल मजदूरी से कराया गया मुक्त

Craft Samachar
3 Min Read

गावां मनोज लाल बर्नवाल (गिरिडीह)। बाल श्रम उन्मूलन के उद्देश्य से आज श्रम विभाग एवं बनवासी विकास आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड में विशेष छापेमारी एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। पूर्व चिन्हित प्रतिष्ठानों एवं कार्यस्थलों पर संचालित इस अभियान के दौरान दो बच्चों को बाल मजदूरी से मुक्त कराया गया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल श्रम की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा तथा उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना था। टीम द्वारा विभिन्न होटल, गैराज एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों एवं आम लोगों को बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा बच्चों को किसी भी प्रकार के कार्य में नहीं लगाने की अपील की गई। मुक्त कराए गए बच्चों के संबंध में आवश्यक कानूनी एवं पुनर्वास की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। साथ ही उनके परिवारों को भी बच्चों की शिक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान में श्रम विभाग से श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अक्षय कुमार एवं विक्रम कुमार, गावां थाना से रमाकांत सिंह, बनवासी विकास आश्रम से उज्जवल मिश्रा, रूपा कुमारी, उत्तम कुमार एवं नीरज मुर्मू, चाइल्डलाइन से रंजीत कुमार तथा समानता शिक्षा केंद्र निदेशक सह बाल अधिकार कार्यकर्ता इंकज कुमार शामिल रहे।

इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अक्षय कुमार ने कहा कि “बाल श्रम एक गंभीर सामाजिक अपराध है, जो बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों का हनन करता है। इसके उन्मूलन के लिए प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण हेतु ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाते रहेंगे, ताकि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सम्मानजनक जीवन का अधिकार सुनिश्चित किया जा सके।”

अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं भी किसी बच्चे से मजदूरी कराई जाती हुई दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इसे भी पढ़े: पलामू में हैरान करने वाला मामला: एक ही नंबर पर सड़क पर दौड़ रही थीं दो बुलेट

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।