हजारीबाग। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बीते 5 दिनों से लापता एक युवक और दो युवतियों के शव सोमवार को पोता जंगल स्थित नदी से बरामद किया गया है। इस घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बरामद शवों में 27 वर्षीय आदिल हुसैन, 19 वर्षीय सानिया परवीन और खुशी के रूप में हुई हैं। तीनों पिछले कई दिनों से लापता थे, जिनकी तलाश परिजन लगातार कर रहे थे। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि तीनों के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना से गुस्साए परिजन और ग्रामीण झंडा चौक पर शव रखकर जाम लगाने की तैयारी में हैं। उनकी मांग है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच हो।
इधर, परिजनों ने मुफस्सिल थाना पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने शुरुआत में यह कहकर उन्हें आश्वस्त किया था कि लापता युवक-युवतियां सुरक्षित हैं और जल्द वापस आ जाएंगे। परिजनों का यह भी आरोप है कि एक व्यक्ति ने उनसे 50 हजार रुपये की मांग करते हुए तीनों को सकुशल वापस लाने का दावा किया था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे हजारीबाग जिले को झकझोर कर रख दिया है। इलाके में दहशत के साथ-साथ लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम को लेकर कई पहलुओं पर जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़े: गिरिडीह में फूड पॉयजनिंग से हड़कंप: गोलगप्पा-चाट खाने के बाद 6 साल के मासूम की मौत, 20 से अधिक बीमार
इसे भी पढ़े: छह जिलों के ‘अनसंग हीरोज’ का हुआ सम्मान, समाजसेवा में योगदान के लिए मिली पहचान
इसे भी पढ़े: बारात में मातम: कुजू में बारातियों को पिकअप ने रौंदा, दूल्हे की भाभी की मौत और छह घायल