शारदीय नवरात्र सप्तमी पर मां कालरात्रि पूजन, नवपत्रिका प्रवेश, सरस्वती पूजन, राहुकाल और ज्योतिषाचार्य डॉ. साकेत कुमार पाठक से जानिए 12 राशियों का दैनिक भविष्यफल...
Aaj Ka Rashifal 17 October 2026: आज 17 अक्टूबर 2026, आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि और शनिवार का पावन दिन है। शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन मां भगवती के प्रचंड व कल्याणकारी स्वरूप मां कालरात्रि का विशेष दर्शन-पूजन किया जा रहा है। आज ही के दिन महासप्तमी पर नवपत्रिका प्रवेश और मां सरस्वती के आह्वान का पावन विधान है। मां कालरात्रि की आराधना से भय, रोग, शोक, शत्रु-बाधा और नकारात्मक शक्तियों का समूल नाश होता है तथा साधक को अभय, अखंड सुख, समृद्धि और विद्या-बुद्धि की प्राप्ति होती है। आज मूल नक्षत्र के उपरांत पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र और अतिगंड योग का संयोग रहेगा। ज्योतिषाचार्य डॉ. साकेत कुमार पाठक के अनुसार, आज मिथुन, कन्या और कुंभ राशि के जातकों को व्यापार, निवेश और नए कार्यों में उत्तम सफलता मिलेगी, वहीं सिंह और कर्क राशि वालों को अनावश्यक तकरार व आर्थिक विवादों से बचने की सलाह दी जाती है। आज पूर्व दिशा में दिशाशूल है तथा सुबह 09:00 से 10:30 बजे तक राहुकाल रहेगा, जिसमें कोई भी नया व शुभ कार्य आरंभ न करें। आइए विस्तार से जानते हैं आज का संपूर्ण पंचांग, ग्रह गोचर और सभी 12 राशियों का दैनिक राशिफल।
धैर्य और विवेक से लिया गया निर्णय ही विपरीत परिस्थितियों में सबसे बड़ा संबल बनता है।
आज का दैनिक पंचांग | 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार)
| दिनांक व वार |
17 अक्टूबर 2026, शनिवार |
| संवत्सर व शक |
शुभ संवत् 2083, शाके 1948 |
| अयन व ऋतु |
याम्यायन, सौम्य गोल, शरद् ऋतु (सौर आश्विन मास प्रविष्टे 29) |
| मास व पक्ष |
आश्विन मास, शुक्ल पक्ष |
| तिथि |
सप्तमी (रात्रि 05:45 बजे तक), उपरांत अष्टमी |
| नक्षत्र |
मूल (प्रातः 08:58 बजे तक), उपरांत पूर्वाषाढ़ा |
| योग |
अतिगण्ड (रात्रि 11:07 बजे तक), उपरांत सुकर्मा |
| करण |
गर एवं वणिज |
| सूर्योदय / सूर्यास्त |
प्रातः 06:18 बजे / सायं 05:42 बजे |
| सूर्य व चंद्र राशि |
सूर्य चित्रा नक्षत्र व कन्या राशि में, चंद्रमा धनु राशि में |
| अभिजीत मुहूर्त |
दोपहर 11:36 बजे से 12:24 बजे तक (शुभ व मांगलिक कार्यों हेतु उत्तम) |
| राहुकाल |
प्रातः 09:00 बजे से 10:30 बजे तक (शुभ कार्य वर्जित) |
| केतुकाल |
प्रातः 06:00 बजे से 07:30 बजे तक (नवीन कार्य से परहेज करें) |
| दिशाशूल |
शनिवार को पूर्व दिशा की यात्रा वर्जित है (आवश्यक हो तो अदरक खाकर एवं लाल चंदन का तिलक लगाकर प्रस्थान करें) |
| पर्व व विशेष |
शारदीय नवरात्रि (सप्तम दिन): महासप्तमी, मां कालरात्रि पूजन, नवपत्रिका प्रवेश, सरस्वती पूजन व श्रीसूक्त पाठ |
आज की ग्रह स्थिति: कर्क राशि में मंगल, तुला राशि में बुध, कर्क राशि में देवगुरु बृहस्पति, तुला राशि में शुक्र, मीन राशि में शनि, कुंभ राशि में राहु एवं सिंह राशि में केतु विराजमान रहेंगे।
“शिवम् करोतु कल्याणम्, पंचांग पाठकेषु च।।”
आज का दैनिक राशिफल
मेष: आज के दिन परिवार में आर्थिक अथवा पैतृक संपत्ति से जुड़े कार्यों को लेकर तकरार होने की संभावना है। ज्योतिषाचार्य डॉ. साकेत कुमार पाठक के अनुसार, किसी वरिष्ठ बुजुर्ग को मध्यस्थ बनाकर कार्य करने से सफलता की संभावना अधिक बनेगी। कार्य-व्यवसाय अथवा कागजी कार्यों में पारिवारिक प्रतिष्ठा का लाभ मिलेगा। अधिकारी वर्ग की कृपा दृष्टि रहने से काम निकालना आसान बनेगा। सरकारी कार्यों में ढिलाई न बरतें अन्यथा वे अधूरे लटक सकते हैं। नौकरीपेशा जातक आज कार्यक्षेत्र बदलने का विचार टालें। आर्थिक लाभ अनिश्चित रहेगा, फिर भी आप अपनी सूझबूझ के बल पर धन संबंधित काम बना लेंगे। परिजनों की असहमति को मान-मनौव्वल से सुलझाएं। उपाय: मां कालरात्रि का ध्यान करें और ॐ कालरात्र्यै नमः का जप करें।
वृष: आज भी दिन आपके अनुकूल बना रहेगा। बुद्धि के कुशल प्रयोग से कार्यों में सहज विजय प्राप्त करेंगे और अन्य लोगों के लिए भी आप मार्गदर्शक का कार्य करेंगे। कार्यक्षेत्र पर किसी भी निर्णय को लेने में संकोच न करें, परिणाम सकारात्मक रहेगा। ज्योतिषाचार्य डॉ. साकेत कुमार पाठक के अनुसार, सामाजिक कार्यों में रुचि न होने पर भी सम्मिलित होना पड़ सकता है। मन में दया और कोमलता का भाव रहेगा, जिससे परोपकार के कार्यों में आगे रहेंगे। धन लाभ अत्यधिक न सही, परंतु संतोषजनक अवश्य रहेगा। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। उपाय: देवी मंदिर में जाकर घी का दीपक प्रज्वलित करें।
मिथुन: आज का दिन आपके लिए विशेष फलदायी रहेगा। किसी बहुप्रतीक्षित योजना को लेकर मध्याह्न तक व्यस्त रहेंगे। मन में कुछ समय के लिए असफलता का भय रह सकता है, परंतु अंत में सफलता मिलने से भविष्य की आर्थिक उलझनें दूर होंगी। यदि व्यापार विस्तार की योजना बना रहे हैं, तो आज कदम आगे बढ़ाएं। नौकरीपेशा लोगों को अधिकारियों से काम निकालने के लिए थोड़ा मानसिक श्रम करना पड़ेगा। सामाजिक और पारिवारिक क्षेत्र में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। उपाय: मां भगवती को गुड़हल का फूल या जायफल अर्पित करें।
कर्क: आज के दिन आपकी तार्किक शक्ति प्रखर रहेगी और सार्वजनिक क्षेत्र में आपकी छवि एक बुद्धिमान व्यक्ति के रूप में बनेगी। हालांकि कार्य-व्यवसाय की गति थोड़ी मंद रहने से मन में हल्की उदासी रह सकती है। एकाग्रता बनाए रखें और धैर्यपूर्वक काम करते रहें; शाम तक संतोषजनक लाभ अवश्य मिलेगा। परिवार में आपके विचारों की सराहना होगी। आर्थिक विषयों को लेकर किसी से भी विवाद न करें अन्यथा धन अटकने की आशंका है। गृहस्थ जीवन में स्नेह बना रहेगा, परंतु व्यावहारिक सतर्कता आवश्यक है। उपाय: शिवलिंग पर जल व दूध अर्पित करें तथा शिव-शक्ति मंत्र का जप करें।
सिंह: आज स्वभाव में तेजी या जिद्दीपन आपकी दिनचर्या को प्रभावित कर सकता है। अपनी गलती को स्वीकार कर आगे बढ़ें और अनावश्यक तर्क-वितर्क से बचें। परिवार में अपनी बात थोपने के बजाय दूसरों के विचारों का भी सम्मान करें। स्वयं के विवेक से लिए गए निर्णय अधिक फलदायी सिद्ध होंगे। थोड़ा परिश्रम करने पर आवश्यकतानुसार धन लाभ हो जाएगा, परंतु उधारी के लेन-देन से बचें। नौकरीपेशा लोग सतर्क रहें; दूसरों की चूक की भरपाई आपको करनी पड़ सकती है। स्वास्थ्य के प्रति बिल्कुल भी लापरवाही न बरतें। उपाय: आज मां कालरात्रि को गुड़ का भोग लगाएं।
कन्या: आज के दिन कुछ आकस्मिक घटनाएं आपको सुखद आश्चर्य में डाल सकती हैं, जो आपके लिए लाभदायक सिद्ध होंगी और इनका प्रभाव निकट भविष्य में भी दिखेगा। ज्योतिषाचार्य डॉ. साकेत कुमार पाठक के अनुसार, उम्मीद न होने पर भी अचानक धन लाभ के योग बनेंगे। सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। कार्य-व्यवसाय में दोपहर के समय कुछ देर के लिए रुकावट आ सकती है, परंतु सरकारी कार्य सूझबूझ से पूर्ण हो जाएंगे। सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में खर्च होगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। उपाय: मां दुर्गा को लौंग और कपूर की आहुति दें।
तुला: आज के दिन कार्यक्षेत्र पर मनमाफिक वातावरण न मिलने से मन में थोड़ी बेचैनी रह सकती है, परंतु आप खाली बैठने के बजाय कर्म में लगे रहेंगे। इसका शुभ फल देर-सवेर अवश्य मिलेगा। परिवार में सदस्यों के साथ धैर्यपूर्वक संवाद करें और बिना तथ्यों के बहस में न पड़ें। धन लाभ के लिए थोड़ा अधिक प्रयास करना पड़ेगा। अपनी मेहनत जारी रखें, आज किया गया परिश्रम आने वाले दिनों में बड़ा लाभ देगा। मध्याह्न के बाद स्वास्थ्य में थोड़ी नरमी या थकान रह सकती है। उपाय: मां सरस्वती का ध्यान करें और श्रीसूक्त का पाठ करें।
वृश्चिक: आज आपको धन लाभ के कई अवसर मिलेंगे, परंतु असमंजस या अति-विचार के कारण कुछ अवसर हाथ से निकल सकते हैं। सही समय पर त्वरित निर्णय लें। ज्योतिषाचार्य डॉ. साकेत कुमार पाठक के अनुसार, व्यवसायी वर्ग आज नए निवेश का जोखिम उठा सकते हैं, लाभ के योग बन रहे हैं। परिवार में सुख-साधनों में वृद्धि होगी, साथ ही खर्च भी बढ़ेगा। आध्यात्मिक और साधना क्षेत्र से जुड़े जातकों को मन में विनम्रता बनाए रखनी चाहिए। नौकरीपेशा लोगों का मन काम में थोड़ा कम लगेगा। मनोकामना पूर्ति के योग हैं। उपाय: निर्धनों को भोजन कराएं और शनि देव के निमित्त सरसों के तेल का दीपक जलाएं।
धनु: आज परिस्थितियां थोड़ी भ्रमित करने वाली रह सकती हैं, इसलिए किसी भी प्रलोभन या लालच से पूरी तरह दूर रहें। धन संबंधित मामलों को लेकर धैर्यपूर्वक लक्ष्य बनाकर मेहनत करें; आज का परिश्रम कल अवश्य ही लाभ देगा। व्यापारिक साझेदारों से तालमेल बनाकर चलें। व्यवसाय की गति सामान्य रहेगी, परंतु पुराने संपर्कों से धन लाभ हो जाएगा। भविष्य के लिए किया गया निवेश फलदायी रहेगा। पारिवारिक आवश्यकताओं पर खर्च होगा, परंतु घर का माहौल संतुलित रहेगा। उपाय: भगवान श्रीहरि विष्णु को पीले पुष्प अर्पित करें और विष्णुसहस्त्रनाम का पाठ करें।
मकर: आज आपके आध्यात्मिक पक्ष में उन्नति होगी और मन में धार्मिक भावनाएं प्रबल रहेंगी। हालांकि मन की चंचलता पर नियंत्रण रखना आवश्यक है ताकि साधना का पूर्ण फल मिल सके। आज आर्थिक लाभ भले ही सामान्य रहे, परंतु व्यक्तिगत और सामाजिक संबंधों में उल्लेखनीय सुधार होगा। आपकी शांत प्रकृति से लोग प्रभावित होंगे। कार्य-व्यवसाय में बड़े जोखिम न लें; नियमित खर्च निकालने लायक लाभ प्राप्त हो जाएगा। अनावश्यक वाद-विवाद से खुद को दूर रखें। उपाय: मां कालरात्रि को नीले पुष्प या लौंग अर्पित करें।
कुंभ: आज का दिन कार्य सिद्धि और सफलता दिलाने वाला है, परंतु क्रोध और आवेश पर नियंत्रण रखना बहुत जरूरी है अन्यथा बनते कार्य प्रभावित हो सकते हैं। दिन की शुरुआत में अचानक व्यस्तता बढ़ेगी। आर्थिक कार्यों में आरंभिक रुकावटों के बाद आशा से अधिक अनुकूल परिणाम मिलेंगे। व्यवसायी वर्ग छोटे निवेश से अच्छा मुनाफा कमाने में सफल होंगे। नौकरीपेशा लोगों को भी अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकते हैं। घर-परिवार में सामंजस्य बना रहेगा। पित्त व उदर संबंधी समस्याओं से सावधान रहें। उपाय: श्री गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें और दूर्वा अर्पित करें।
मीन: आज का दिन पिछले दिनों की तुलना में बेहतर रहेगा और स्वास्थ्य में सुधार महसूस करेंगे। कार्यक्षेत्र पर अनमनेपन को हावी न होने दें; सक्रिय रहकर काम करने से धन की आवक बेहतर होगी। उधारी के व्यवहार को सीमित रखें ताकि बाद में तगादे की नौबत न आए। सामाजिक क्षेत्र में लोगों के विचारों से असहमत होने पर भी धैर्य और शांति से काम लें। परिवार की आंतरिक चिंताओं को आपस में बैठकर सुलझाएं। शाम के समय मन को शांति मिलेगी। उपाय: मां कालरात्रि का स्मरण कर दुर्गा सप्तशती के अर्गला व कीलक स्तोत्र का पाठ करें।
“शारदीय नवरात्र के सप्तम दिन मां कालरात्रि, अपराजिता भुवनेश्वरी महादुर्गा, देवाधिदेव महादेव, श्रीहरि विष्णु एवं विघ्नहर्ता श्री गणेश आप सभी के सपरिवार की मनोकामनाएं पूर्ण कर सुख-समृद्धि, अखंड सौभाग्य और आरोग्यता प्रदान करें।”
लेखक / ज्योतिषाचार्य: डॉ. साकेत कुमार पाठक, खम्भवा, टाटीझरिया, हजारीबाग
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक पंचांग, मान्यताओं एवं ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सामान्य सूचना के लिए प्रस्तुत है। क्राफ्ट समाचार इसकी पुष्टि नहीं करता।
इसे भी पढ़े: Hazaribagh News: बरही में 17 से 22 अक्टूबर तक चलेगा विशेष मतदाता अभियान, छूटे हुए योग्य मतदाताओं के जुड़ेंगे नाम