मालदा के कालियाचक से आकर महराजपुर में बना रहे थे हेरोइन, भारी मात्रा में केमिकल, कार, सीलिंग व वेट मशीन जब्त
बरहरवा (साहिबगंज) / अमर कुमार। साहिबगंज पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरहरवा थाना क्षेत्र के मुंगलपाड़ा (महराजपुर) में संचालित अवैध ड्रग्स निर्माण यूनिट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से लगभग 608 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर, ₹5,93,900 नकद, 15.8 किलोग्राम से अधिक केमिकल, एसीटल क्लोराइड की 13 बोतलें, उपकरण और वाहनों के साथ पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी पांच ड्रग तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
साहिबगंज पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के कालियाचक (मालदा) के कुछ ड्रग माफिया बरहरवा के मुंगलपाड़ा स्थित एक मकान में शरण लेकर केमिकल की मदद से ब्राउन शुगर से हेरोइन तैयार करने और उसकी खरीद-बिक्री का अवैध धंधा चला रहे हैं।
सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल तथा राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के संयुक्त नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
मकान की घेराबंदी कर भाग रहे तस्करों को दबोचा
सोमवार (12 अक्टूबर) को गठित पुलिस टीम ने मुंगलपाड़ा स्थित संदिग्ध मकान की चारों तरफ से घेराबंदी की। पुलिस की दबिश देखते ही मकान के अंदर मौजूद तस्कर पिछले गेट से भागने लगे, लेकिन मुस्तैद जवानों ने दौड़कर सभी पांचों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कालियाचक निवासी इस्माइल शेख (पिता: दुरुल शेख) के सिंडिकेट से जुड़े हैं और यहां ब्राउन शुगर से हेरोइन तैयार कर उसकी तस्करी करते थे।
भारी मात्रा में नकदी, केमिकल और उपकरण जब्त
मकान की विधिवत तलाशी के दौरान पुलिस ने तस्करी व निर्माण में इस्तेमाल होने वाला भारी जखीरा बरामद किया:
मादक पदार्थ: 608 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर / प्रतिबंधित पदार्थ।
नकद राशि: ₹5,93,900 (पांच लाख तिरानवे हजार नौ सौ रुपये)।
केमिकल व सामग्री: 15.877 किलोग्राम केमिकल, एसीटल क्लोराइड (500 ml की 13 बोतलें) और 1.4 किलोग्राम पैकेजिंग मैटेरियल।
मशीनें व उपकरण: 3 इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, 1 जेनरेटर, 1 सीलिंग मशीन, 1 एक्सटेंशन मशीन और 2 मोबाइल फोन।
वाहन: 1 हुंडई कार और 2 मोटरसाइकिलें।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के हत्थे चढ़े सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं:
- हजीकुल शेख (41 वर्ष), पिता: स्व. भदरू शेख
- अख्तर आलम (26 वर्ष), पिता: ईदूल शेख
- शजहान शेख (25 वर्ष), पिता: दुरुल शेख
- साहनवाज आलम (19 वर्ष), पिता: तरीकुल आलम
- अमीरूल शेख (45 वर्ष), पिता: स्व. कालू शेख
इस संदर्भ में बरहरवा थाना में कांड संख्या 259/26, दिनांक 12/10/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(2)(b), 111(3) तथा एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21(c), 25, 27A, 27B और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
इस सफल अभियान में बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, राधानगर थाना प्रभारी पु०अ०नि० अमर कुमार मिंज, बड़हरवा थाना के पु०अ०नि० सुदामा सिंह, राधानगर थाना के पु०अ०नि० संग्राम सिंह सोय, हवलदार दिनेश हेम्ब्रम, आ०/185 राजीव कुमार, आ०/146 दिपक कुमार, हवलदार शशि भूषण सिंह तथा आरक्षी/496 अरविन्द रविदास शामिल रहे।
इसे भी पढ़े: जंतर-मंतर पर पाबंदी, क्या सिमट रही है लोकतंत्र में असहमति की जगह









1 thought on “साहिबगंज: बरहरवा में मिनी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़: 608 ग्राम ब्राउन शुगर व 5.93 लाख नकद के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार”