बेसन लड्डू, पेड़ा, रसगुल्ला, कलाकंद समेत छह खाद्य पदार्थों की होगी जांच, गड़बड़ी मिलने पर प्रतिष्ठानों पर होगी कानूनी कार्रवाई
हजारीबाग। दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए आम लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार, 3 नवंबर को खाद्य सुरक्षा टीम ने सदर अंचल के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाई, घी और सरसों तेल के नमूने संग्रह किए।
उपायुक्त हेमंत सती एवं संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत फ्रंटियर के मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से बेसन लड्डू और पेड़ा का नमूना लिया गया। वहीं सक्षम स्वीट्स के मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से रसगुल्ला एवं कलाकंद का नमूना संग्रह किया गया।
इसके अलावा गोला रोड स्थित विकास स्टोर (गुड्डी स्टोर) से गोपी श्री घी तथा अंकित जैन स्टोर से कृष्णा सरसों तेल का नमूना लिया गया। संग्रहित सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर गठित टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, अमरीश पांडे, नवेद अंजुम, श्वेता त्रिपाठी सहित खाद्य सुरक्षा कार्यालय के सूरज कुमार, विकास शर्मा एवं धनेश्वर कुशवाहा शामिल थे।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि पर्व-त्योहार के दौरान मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि अवश्य जांच लें। खाद्य पदार्थों में मिलावट या किसी प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।







