चोरदाहा पंचायत के गांवों में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, बच्चों के बीच बांटी गई शैक्षणिक एवं खाद्य सामग्री
चौपारण। अफीम की अवैध खेती के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने चौपारण थाना क्षेत्र की चोरदाहा पंचायत के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को जागरूक किया। चोरदाहा, दनुआ, अहरी समेत आसपास के गांवों में पहुंचकर एसपी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और अफीम की खेती से दूर रहने की अपील की।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एसपी अमन कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अफीम की अवैध खेती कानूनन गंभीर अपराध है। इसके कारण परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति प्रभावित होती है और बच्चों का भविष्य भी अंधकारमय हो सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी परिस्थिति में अफीम की खेती नहीं करने, इसके बजाय वैकल्पिक एवं लाभकारी फसलों को अपनाने तथा पुलिस प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।
इससे पूर्व एसपी चौपारण थाना पहुंचे, जहां थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित कांडों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया।
जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस की ओर से बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, टॉफी, बिस्किट एवं कुरकुरे का वितरण किया गया। पुलिस की इस पहल से बच्चों के चेहरे खिल उठे। अभियान के माध्यम से पुलिस ने ग्रामीणों के बीच यह संदेश देने का प्रयास किया कि अवैध खेती से दूर रहकर ही गांव और समाज का बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, अशोक ठाकुर, मुखिया प्रतिनिधि बैजनाथ सिंह, गोपाल साव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।







