जातिसूचक अपशब्द कहकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप, थाना प्रभारी से लगाई सुरक्षा की गुहार
चौपारण। बच्छई पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ अध्यक्ष बिरेन्द्र रजक ने कुछ युवकों पर जानलेवा हमला करने, वाहन में तोड़फोड़ करने, नकदी छीनने और सरकारी दस्तावेज फाड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। मुखिया ने चौपारण थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। दिए गए आवेदन के अनुसार, 26 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे बिरेन्द्र रजक अपने चालक सोनू रजक के साथ सिंघरावां से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि प्रिंस एकेडमी स्कूल के समीप कुछ युवक गाली-गलौज और हुड़दंग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे, जहां पहले से आठ से दस युवक मौजूद थे।मुखिया का आरोप है कि वहां पहुंचते ही युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके सिर की ओर पत्थर फेंका गया, जिससे वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद हमलावरों ने पत्थर और लाठी-डंडों से उनके वाहन पर हमला कर दिया तथा गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।बिरेन्द्र रजक के मुताबिक, हमलावरों ने वाहन में रखे सरकारी दस्तावेजों को फाड़ दिया और कुछ कागजात अपने साथ ले गए। इसके अलावा उनकी जेब से करीब 6,500 रुपये छीनने का भी आरोप लगाया गया है। उन्होंने वाहन को लगभग 70 हजार रुपये की क्षति पहुंचने की बात आवेदन में कही है।मुखिया ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने आशंका जताई है कि भविष्य में उनके और उनके परिवार के साथ दोबारा ऐसी घटना हो सकती है।घटना को गंभीर बताते हुए बिरेन्द्र रजक ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, छीने गए सरकारी दस्तावेजों की बरामदगी कराने तथा उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।फिलहाल आवेदन में लगाए गए आरोपों पर पुलिस की जांच और आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।





