चौपारण। प्रखंड के अंबादोहर और सेलहरा के बीच रविवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मानगढ़ और महाराजगंज निवासी के रूप में बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल बरही भेजा। वहीं, दुर्घटना में घायल एक युवक की मौत होने की सूचना भी सामने आ रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों का परिचालन दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रहा है। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने, नियमित जांच अभियान चलाने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।






