चौपारण (हजारीबाग)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चौपारण प्रखंड स्थित नमनदीप पब्लिक स्कूल, दनुआ में रविवार को भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, गैर-शिक्षण कर्मियों एवं प्रशिक्षित योग गुरु ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे विद्यालय परिसर में योग के प्रति जागरूकता, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास किया। योग गुरु द्वारा बच्चों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सह निदेशक सतीश प्रसाद केशरी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की कला है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग करने तथा इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “योग दिवस का सच्चा सम्मान तभी है, जब योग हमारे हर दिन का हिस्सा बने।”

विद्यालय के अंग्रेज़ी शिक्षक अमित कुमार केसरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग दिवस को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और व्यक्तित्व प्रभावशाली बनता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने स्वस्थ समाज और निरोग भारत के निर्माण का संकल्प लिया। छात्रों ने योग के माध्यम से तनावमुक्त जीवन, बेहतर एकाग्रता एवं शारीरिक फिटनेस के महत्व को समझा। विद्यालय प्रबंधन ने भी बच्चों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के लोगों के स्वस्थ, सुखी एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।