दस्तावेज नहीं दिखाने पर आमाटांड़ में हुई छापेमारी, लंका-मंगरा मार्ग पर भी अवैध भंडारण की शिकायत
लातेहार। जिले में अवैध बालू के भंडारण और कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को बरवाडीह के अंचल अधिकारी लोकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में लंका रोड स्थित आमाटांड़ में छापेमारी की गई। इस दौरान प्रशासन ने करीब छह हजार सीएफटी अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया।
जानकारी के अनुसार, आमाटांड़ इलाके में बड़े पैमाने पर बालू जमा किए जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। सूचना के आधार पर अंचल अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान बालू के भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन मौके पर मौजूद लोग आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए करीब छह हजार सीएफटी बालू जब्त कर लिया।
लंका-मंगरा मार्ग पर भी अवैध भंडारण का आरोप
आमाटांड़ में छापेमारी के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन को लंका-मंगरा मार्ग पर स्थित एक ईंट भट्ठे के समीप बड़े पैमाने पर बालू जमा किए जाने की शिकायत दी। ग्रामीणों का आरोप है कि इस क्षेत्र में भी अवैध तरीके से बालू का भंडारण और कारोबार किया जा रहा है।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद अब इस स्थान पर भी प्रशासनिक कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, आमाटांड़ में हुई इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की इस पहल को जिले में अवैध खनिज कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



