धनबाद/कतरास:आगामी त्योहारों को देखते हुए कतरास पुलिस पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न बैंकों एवं एटीएम केंद्रों पर विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने बैंकों और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आसपास मौजूद संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। पुलिस ने बैंक परिसर और एटीएम केंद्रों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि एटीएम पिन, ओटीपी और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस की गश्ती, निगरानी और सुरक्षा जांच लगातार जारी रहेगी।
- कतरास पुलिस की इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाना है।




