बरही से चौपारण तक एनएच-19 पर जाम और दुर्घटनाओं का मुद्दा उठा, शनिवार को डीसी-एसपी करेंगे सड़क का निरीक्षण
चौपारण। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बरही से चौपारण के बीच लगातार लग रहे भीषण जाम ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। हाल ही में करीब 30 घंटे तक लगे महाजाम के बाद इस गंभीर समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। शुक्रवार को हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल और बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने उपायुक्त हेमंत सती से मुलाकात कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। इस दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशुतोष सोनी भी उपस्थित रहे।बैठक में सांसद और विधायक ने बरही से चौपारण तक सड़क पर बार-बार लगने वाले जाम से आम नागरिकों, यात्रियों, मरीजों और वाहन चालकों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने सड़क निर्माण में कथित तकनीकी खामियों, यातायात प्रबंधन की अव्यवस्था और निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क पर अव्यवस्थित निर्माण कार्य और यातायात व्यवस्था में कमी के कारण लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।विधायक मनोज कुमार यादव ने आरोप लगाया कि सिक्सलेन सड़क निर्माण कंपनी की लापरवाही के कारण सैकड़ों निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही कहा कि जब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक दुर्घटनाओं और जाम की स्थिति से लोगों को राहत मिलना मुश्किल है।
शनिवार को सड़क पर उतरेंगे डीसी और एसपी
लगातार जाम की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त हेमंत सती ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि शनिवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के साथ बरही से चौपारण तक प्रभावित सड़क मार्ग का स्थल निरीक्षण किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान जाम के प्रमुख कारणों, सड़क की स्थिति, निर्माण कार्य और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। इसके बाद एनएचएआई तथा संबंधित निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।करीब 30 घंटे तक चले महाजाम के बाद प्रशासनिक स्तर पर शुरू हुई इस पहल से क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि एनएच-19 पर जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। अब सबकी निगाहें शनिवार को होने वाले स्थल निरीक्षण और प्रशासन के अगले फैसले पर टिकी हैं।






