सिर्फ श्रद्धांजलि देने से नहीं चलेगा काम, ठोस पहल करें जनप्रतिनिधि, चौपारण अस्पताल में ‘ट्रामा सेंटर’ बनाने की उठाई मांग- उमाशंकर अकेला
चौपारण(हजारीबाग)। दनुआ घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसों और सोमवार को हुए भीषण दुर्घटना में सात लोगों की मौत के बाद राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। बरही के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि दनुआ घाटी में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जा रही है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।
पूर्व विधायक ने हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि हादसे के बाद श्रद्धांजलि देने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। दनुआ घाटी में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कोडरमा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से भी घाटी की समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की। कहा कि दनुआ घाटी उनके संसदीय क्षेत्र के समीप है और यहां होने वाली दुर्घटनाओं का असर आसपास के लोगों पर पड़ता है।
उमाशंकर अकेला ने गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी से भी इस मुद्दे को संसद में प्रमुखता से उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोमवार की दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के निवासी थे। ऐसे में उनकी सुरक्षा और घाटी में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सांसद को संसद में आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने धनबाद सांसद ढुलू महतो से भी दनुआ घाटी की समस्या को सदन में उठाने का आग्रह किया।
गडकरी से घाटी के कायाकल्प की मांग
पूर्व विधायक ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दनुआ घाटी की सड़क सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल आश्वासन और बयान देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। घाटी को दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर उतारने की जरूरत है।
चौपारण अस्पताल में बने ट्रामा सेंटर
उमाशंकर अकेला ने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से चौपारण सामुदायिक अस्पताल में ट्रामा सेंटर स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दनुआ घाटी में गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के बाद घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाने के कारण उन्हें हजारीबाग रेफर करना पड़ता है। कई बार गंभीर मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। यदि चौपारण में ट्रामा सेंटर की सुविधा उपलब्ध हो जाए तो दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा और कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि दनुआ घाटी में लगातार हो रही मौतें गंभीर चिंता का विषय हैं। अब समय आ गया है कि जनप्रतिनिधि और सरकार इस समस्या को प्राथमिकता देते हुए स्थायी समाधान की दिशा में पहल करें, ताकि सड़क पर सफर करने वाले लोगों की जिंदगी सुरक्षित हो सके।
इसे भी पढ़े: रांची: टाटीसिल्वे में तेज रफ्तार वाहन का कहर, बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर








1 thought on “दनुआ घाटी में मौतों पर भड़के उमाशंकर अकेला, सांसदों की कार्यशैली पर उठाए सवाल”