Home | झारखंड | बिहार | देश-विदेश | खेल | मनोरंजन | क्राइम | शिक्षा | हेल्थ | राजनीति | राशिफल
- ADVERTISEMENT -

मुंबई से दबोचा गया 13 लाख का इनामी माओवादी कमांडर, भाजपा कार्यालय विस्फोट और झामुमो नेता हत्याकांड में था आरोपी

Published: Nov 7, 2026 8:02 PM  •  Updated: Nov 7, 2026 8:05 PM
HIGHLIGHTS
- ADVERTISEMENT -

← Back

Thank you for your response. ✨

33 आपराधिक मामलों में पुलिस को थी तलाश, झारखंड पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर की गिरफ्तारी

झारखंड। राज्य में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में झारखंड पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के 13 लाख रुपये के इनामी जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ गोदराम यादव को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। आईजी अभियान नरेंद्र सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि पुलिस को उसकी कई वर्षों से तलाश थी।

गिरफ्तार नक्सली संजय यादव उर्फ गोदराम यादव पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवगन (तिलहड़वा) गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम सरजू यादव बताया गया है। वह माओवादी संगठन में जोनल कमांडर के पद पर सक्रिय था। झारखंड सरकार ने उसकी गिरफ्तारी पर 13 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ झारखंड के विभिन्न थानों में कुल 33 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

भाजपा चुनाव कार्यालय को बम से उड़ाने का आरोप

संजय यादव का नाम वर्ष 2019 में हरिहरगंज थाना क्षेत्र में हुई बड़ी नक्सली घटना में सामने आया था। 25-26 अप्रैल 2019 की रात माओवादियों ने बाजार स्थित एक कॉम्प्लेक्स में बने भाजपा चुनाव कार्यालय को बम से उड़ा दिया था। इसी दौरान बटाने नदी पर निर्माणाधीन पुल के कार्यस्थल पर खड़ी मशीनों और अन्य सामग्रियों में आग लगा दी गई थी। नक्सलियों ने वहां मौजूद मुंशी से मोबाइल फोन भी लूट लिए थे। इस मामले में हरिहरगंज थाना कांड संख्या 37/2019 दर्ज किया गया था।

पीपरा बाजार में सरेआम फायरिंग, झामुमो नेता समेत दो की मौत

23 नवंबर 2019 को पीपरा बाजार में हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। इस घटना में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष मोहन कुमार गुप्ता और स्थानीय नागरिक सूरज कुमार सोनी की गोली लगने से मौत हो गई थी। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले में पीपरा थाना कांड संख्या 48/19 दर्ज किया गया था।

सड़क निर्माण में लगे वाहनों को भी बनाया था निशाना

23 अगस्त 2023 को महुदंड-काला पहाड़ सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और मुंशी को बंधक बनाकर नक्सलियों ने निर्माण स्थल पर जमकर उत्पात मचाया था। इस दौरान तीन हाइवा, एक ग्रेडर, एक रोलर, एक पेवर, एक ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया गया था। इस मामले में छतरपुर थाना कांड संख्या 161/23 दर्ज किया गया था।

आईईडी और विस्फोटक लगाने के मामलों में भी संलिप्तता

पुलिस के अनुसार, संजय यादव पर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए जंगलों में आईईडी लगाने, पुलिया के नीचे केन बम और सिलेंडर बम छिपाने जैसी घटनाओं में शामिल रहने का आरोप है। उसके खिलाफ हुसैनाबाद, छतरपुर, पीपरा और पांडू थाना क्षेत्रों में यूएपीए, आर्म्स एक्ट तथा विस्फोटक अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

लंबे समय से फरार चल रहे इस इनामी नक्सली की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है। खुफिया सूचना और तकनीकी निगरानी के जरिए मुंबई में उसकी मौजूदगी का पता लगाया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार किया। अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान माओवादी संगठन के अन्य सक्रिय सदस्यों, सहयोगियों, लेवी वसूली और नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। इस गिरफ्तारी को पलामू और आसपास के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

- ADVERTISEMENT -

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

संबंधित खबरें

झारखंड में 397 नए होमगार्ड को मिलेगा अग्निशमन सेवा का विशेष प्रशिक्षण, 9 नवंबर से शुरू होगा कार्यक्रम

पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के सरकारी आवास पर पहुंची प्रशासनिक टीम, पुलिस बल की मौजूदगी में खाली कराने की प्रक्रिया शुरू

पंचायत चुनाव में खर्च का हिसाब नहीं देना पड़ा महंगा, रामगढ़ के 10 प्रत्याशियों पर तीन साल का प्रतिबंध

चतरा सदर अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था हुई ऑनलाइन, अब मोबाइल से घर बैठे लें डॉक्टर का अपॉइंटमेंट

जामताड़ा में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, स्कॉर्पियो से 434 बोतल विदेशी शराब बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार

महुदी में जाम का बढ़ता संकट, ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग

Leave a Comment