विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। प्रखंड के चानो गांव निवासी पवित्र दास ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और हुनर के दम पर जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक एवं हार्डवेयर श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे विष्णुगढ़ प्रखंड का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से चानो गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

पवित्र दास, पिता प्रयाग दास, ने ग्रामीण परिवेश में रहकर जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस सफलता को क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि और प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है। सीमित संसाधनों के बीच अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधन या परिवेश की मोहताज नहीं होती। यदि युवाओं को उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो वे अपनी मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
पवित्र दास की इस कामयाबी पर समाजसेवी रूपेन्द्र कुमार महतो ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि पवित्र दास ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से पूरे चानो गांव का मान-सम्मान बढ़ाया है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन देने की है।
वहीं, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के कौलेश्वर महतो ने भी पवित्र दास की उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करना पूरे विष्णुगढ़ प्रखंड के लिए गर्व की बात है। पवित्र दास की सफलता से क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पवित्र दास भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।







1 thought on “विष्णुगढ़: गांव की मिट्टी से निकला हुनर , जिला स्तर पर चमका चानो का पवित्र दास , कौशल प्रतियोगिता में हासिल किया पहला स्थान”