बरही (हजारीबाग)। बरही में इस वर्ष छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिलेगा। बरही नदी स्थित प्राचीन छठ घाट (बरहीडीह) पर पहली बार भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को यादगार और आकर्षक बनाने के लिए छठ पूजा समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी सिलसिले में छठ पूजा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष राज सिंह चौहान ने की। इसमें बरही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विनोद कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पहली बार आयोजित होने वाली गंगा आरती को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए विशेष तैयारियां की जाएंगी। साथ ही छठ घाट की साफ-सफाई, आकर्षक विद्युत सज्जा, बेहतर लाइट एवं साउंड व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। समिति का प्रयास रहेगा कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
पुलिस प्रशासन ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
बैठक में थाना प्रभारी विनोद कुमार ने छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन की भूमिका सुनिश्चित करने की बात कही।
वहीं, समिति के सदस्यों ने छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का संकल्प लिया। पहली बार होने वाली भव्य गंगा आरती को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह की उम्मीद है।
बैठक में बरही पश्चिमी मुखिया शमशेर आलम, समिति अध्यक्ष राज सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष रमेश ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य जीतू ठाकुर, सचिव राजवंशी सिंह, सह कोषाध्यक्ष प्रवीण सिंह, राजकुमार केशरी, अशोक सिंह, अमित सिंह, मो. असलम अली, कार्तिक पासवान, संजय साव, कौशिक पासवान, पिंटू ठाकुर, सिवा निषाद सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।







