बैंक मैनेजर की कनपटी पर तानी बंदूक, थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई लूट से पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल
गिरिडीह। जिले के धनवार बाजार स्थित यूको बैंक (UCO Bank) में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े हुई दुस्साहसिक डकैती से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैल गई है। मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में घुसकर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया और करोड़ों रुपये के सोने के जेवरात व लाखों की नकदी लूटकर फरार हो गए।
3-4 करोड़ का सोना और 10-12 लाख नकद की लूट
सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि अपराधी बैंक से करीब 3 से 4 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 10 से 12 लाख रुपये नकद लूट ले गए। वारदात के बाद बैंक परिसर और आसपास के व्यावसायिक इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैली, जिसके बाद धनवार बाजार के व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है।
बैंक मैनेजर के सिर पर तानी बंदूक, ग्राहकों के साथ भी मारपीट
बैंक प्रबंधक के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांच हथियारबंद अपराधी बैंक में दाखिल हुए। अपराधियों ने बैंक मैनेजर के सिर पर बंदूक तान दी और कर्मचारियों एवं ग्राहकों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बैंक के लॉकर से सोने के जेवरात और नकदी निकाल ली।
घटना के दौरान बैंक में रुपये जमा करने पहुंचे एक ग्राहक मोहम्मद महताब ने विरोध किया तो अपराधियों ने उनके साथ मारपीट भी की। लूटपाट के बाद अपराधियों ने बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया और फरार हो गए।
थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर वारदात
इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि यूको बैंक धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों ने दिनदहाड़े करीब 20 मिनट तक बैंक में लूटपाट की।
घटना की सूचना मिलने पर धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद धनवार बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।







