रथयात्रा प्रबंधन समिति की बैठक में प्रस्तुत किया गया आय-व्यय का पूरा ब्योरा, मंदिर निर्माण के प्रस्ताव पर बनी सहमति
चौपारण, हजारीबाग। प्रखंड के सियरकोनी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के विकास एवं भव्य मंदिर निर्माण की दिशा में पहल तेज हो गई है। मंदिर की बेहतर व्यवस्था, रथयात्रा के सफल आयोजन और भविष्य की योजनाओं को लेकर रविवार को होटल चेतना पैलेस में श्री जगन्नाथ रथयात्रा प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन समिति के प्रमुख अभिषेक सिंह ने किया।
बैठक में इस वर्ष आयोजित श्री जगन्नाथ रथयात्रा के आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद मंदिर की वर्तमान व्यवस्था को और बेहतर बनाने, नियमित प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा सियरकोनी में भगवान जगन्नाथ के भव्य मंदिर निर्माण को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में मंदिर निर्माण की आवश्यकता और इसकी रूपरेखा तैयार करने को लेकर सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे। साथ ही मंदिर निर्माण के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए इसे सामूहिक सहयोग से पूरा करने का संकल्प लिया गया।

समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह ने कहा कि श्री जगन्नाथ रथयात्रा का सफल आयोजन समिति की सामूहिक एकजुटता और सहयोग का परिणाम है। अब रथयात्रा के आयोजन के साथ-साथ मंदिर के नियमित प्रबंधन, रखरखाव और विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सियरकोनी में भव्य भगवान जगन्नाथ मंदिर का निर्माण कराने की दिशा में सभी सदस्यों और श्रद्धालुओं को मिलकर प्रयास करना होगा।
वहीं समिति के सचिव राजदेव यादव ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौपारण में एक भव्य जगन्नाथ मंदिर का निर्माण समिति का प्रमुख लक्ष्य है। यह केवल समिति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं और समाज का सामूहिक सपना है। इस कार्य को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता और सहयोग जरूरी है।
मंदिर निर्माण की रूपरेखा तैयार करने तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी पांच दिसंबर को मंदिर परिसर में एक वृहद बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में चौपारण, बरही, इटखोरी, मयूरहंड सहित आसपास के क्षेत्रों के गणमान्य लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में मंदिर निर्माण की योजना, आवश्यक संसाधनों और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।

समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं आम लोगों से अपील की कि भगवान जगन्नाथ के भव्य मंदिर निर्माण जैसे पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं और अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग प्रदान करें, ताकि आने वाले समय में सियरकोनी में एक भव्य मंदिर का निर्माण हो सके।
बैठक में समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह, सचिव राजदेव यादव, कोषाध्यक्ष मुनेश्वर गुप्ता, उपाध्यक्ष संजय सिंह, प्रमुख अभिषेक सिंह, संरक्षक रामचंद्र सिंह, आशीष सिंह, प्रताप सिंह, विकास सिंह, सांसद प्रतिनिधि रामस्वरूप पासवान, पप्नु सिंह, बिक्रम सिंह, राम सिंह, रामसागर सिंह, अमलेश सिंह, मृत्युंजय सिंह, यशवंत सिंह, धनेश्वर साहु सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।





