नावाटांड़ में शोकाकुल परिवार से मिलकर जताई संवेदना, कहा—हर सुख-दुख में जनता के साथ खड़ा रहना मेरा संकल्प
विष्णुगढ़ । अपनों को खोने का दुख असहनीय होता है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार की मदद करना और उसके साथ खड़ा रहना सामाजिक संवेदनशीलता का परिचायक है। इसी भावना के साथ झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के मांडू विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी बिहारी महतो ने बनासो पंचायत के नावाटांड़ निवासी कौलेश्वर महतो के पिता स्वर्गीय दीपचंद महतो के श्राद्ध कर्म के लिए खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
बिहारी महतो ने शोक संतप्त परिवार को सहयोग स्वरूप एक पैकेट आटा और एक टिन तेल प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर बिहारी महतो ने कहा कि जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना ही उनका संकल्प है। जरूरतमंदों की सहायता करना सामाजिक दायित्व है और वे इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
वहीं, जेएलकेएम के प्रखंड अध्यक्ष कौलेश्वर महतो ने कहा कि सुख के अवसर पर शामिल होना भले ही हमेशा संभव न हो, लेकिन दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहना बेहद जरूरी है। ऐसे समय में छोटा-सा सहयोग भी परिवार को संबल प्रदान करता है।
मौके पर प्रखंड उपाध्यक्ष रामचंद्र राम, कालीचरण महतो, गोवर्धन महतो, श्यामलाल महतो और टेकलाल महतो सहित शोक संतप्त परिवार के सदस्य उपस्थित थे।







