प्राचार्य डॉ. सुनील चतुर्वेदी बोले— नारी शक्ति और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है दुर्गोत्सव
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। प्रखंड के बनासो स्थित दौलत महतो मेमोरियल शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में गुरुवार को दुर्गा पूजा महोत्सव की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में किया गया। भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों, मनमोहक नृत्य और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा महाविद्यालय परिसर मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर हो उठा। बीएड एवं डीएलएड के प्रशिक्षु शिक्षकों ने अपनी प्रतिभा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन कर समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में दुर्गा पूजा पर आधारित भक्ति गीतों, नृत्य और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और समृद्ध परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली। प्रशिक्षु शिक्षकों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया। उत्साह, उमंग और भक्तिभाव से परिपूर्ण इस आयोजन ने महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में सांस्कृतिक रंग घोल दिया।
दुर्गा पूजा केवल पर्व नहीं, नारी शक्ति का सम्मान भी
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति, सत्य, साहस और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, बुराइयों का सामना करने और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। साथ ही उनमें आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रशिक्षु शिक्षकों की सराहना की।
शिक्षकों और प्रशिक्षुओं की रही सहभागिता
कार्यक्रम में आइक्यूएसी समन्वयक एवं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कुमारी स्वर्णा मिश्र, विभागाध्यक्ष डॉ. बबली कुमारी, डॉ. ओमकार नाथ शर्मा, वीरेंद्र देव, राघवेंद्र प्रताप, डॉ. सतीश चंद यादव, अशोक कुमार झा, सरोज श्रीवास्तव, राजेश कुमार बर्मा, प्रवीण कुमार जायसवाल, विपिन कुमार, जितेंद्र कुमार, अदृश मुखर्जी, जयपाल राणा, डॉ. अंबरीश कुमार दुबे, डॉ. विजयकांत चक्रवर्ती, सीमा, अजीत कुमार, भुवनेश्वर कुमार महतो, डॉ. कुमारी मेधा, संतोष कुमार, विनोद कुमार, धर्मनाथ महतो, सौरभ सुमन, प्रीति, पूनम हेम्ब्रम, आजाद, नाजरा और सुनीता सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे। बीएड और डीएलएड संकाय के प्रशिक्षु शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण बना रहा।

इसे भी पढ़े: आत्मा सभागार साहेबगंज में महिला किसान दिवस के अवसर पर किसान-वैज्ञानिक अंतर मिलन का आयोजन







1 thought on “दौलत महतो मेमोरियल कॉलेज में दुर्गा पूजा पर भव्य सांस्कृतिक समारोह, गूंजे भक्ति गीत”