कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील महिला किसानों ने अपने अनुभव भी साझा किए
साहेबगंज। आत्मा योजना के अंतर्गत आत्मा सभागार, साहेबगंज में महिला किसान दिवस, 2026 के अवसर पर गुरुवार को किसान-वैज्ञानिक अंतरमिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कृषि पदाधिकारी वरुण कुमार एवं वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान, कृषि विज्ञान केंद्र, साहेबगंज डॉ. संजीव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने महिला किसानों को आय संवर्धन के लिए मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन तथा बागवानी फसलों, जैसे केला, पपीता एवं ओल की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही रबी मौसम में दलहनी एवं तिलहनी फसलों की वैज्ञानिक खेती के महत्व पर प्रकाश डाला गया। वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रति हेक्टेयर 20 किलोग्राम सल्फर का उपयोग फसलों एवं मृदा के लिए लाभकारी हो सकता है।महिला वैज्ञानिक डॉ. सुप्रिया सिंह ने रबी फसलों में समेकित कीट एवं व्याधि प्रबंधन की जानकारी दी। जिला कृषि पदाधिकारी वरुण कुमार ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, यथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म सिंचाई योजना (PDMC), बिरसा फसल विस्तार योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन तथा किसान समृद्धि योजना के उद्देश्यों एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी।जिला उद्यान पदाधिकारी रवि कान्त रजक ने माली प्रशिक्षण के महत्व एवं उससे मिलने वाले लाभों के साथ पपीता, ओल तथा अन्य बागवानी फसलों की खेती के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील महिला किसानों ने अपने अनुभव साझा किए, ताकि अन्य महिलाएं भी उनसे प्रेरणा लेकर कृषि गतिविधियों से जुड़ें और अपनी आय में वृद्धि कर सकें।कार्यक्रम के दूसरे सत्र में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें साहेबगंज जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई महिला किसानों ने खेती-किसानी, फसलों में लगने वाले रोगों तथा उन्नत बीजों की उपलब्धता से संबंधित समस्याएं एवं जिज्ञासाएं रखीं। कृषि विशेषज्ञों ने मौके पर ही उनकी शंकाओं का समाधान करते हुए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया। प्रश्नोत्तरी में सही उत्तर देने वाली महिला किसानों को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि विभाग की योजनाओं तथा आयवर्धक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना एवं उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करना रहा।इस अवसर पर वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान डॉ. संजीव कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी वरुण कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी रवि कान्त रजक, जिला कृषि अभियंता रंजन कुमार निराला, आत्मा के उप-परियोजना निदेशक मंटु कुमार,जेएसएलपीएस के अनिरुद्ध कुमार, निर्देश की नैन्सी गुप्ता सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई महिला किसान उपस्थित थीं।
साहेबगंज/संवाददाता







1 thought on “आत्मा सभागार साहेबगंज में महिला किसान दिवस के अवसर पर किसान-वैज्ञानिक अंतर मिलन का आयोजन”