आयोजित जयंती समारोह में बरही के पूर्व विधायक बोले – भगत सिंह का त्याग, अदम्य साहस और अमर बलिदान युगों-युगों तक देता रहेगा प्रेरणा
चौपारण (हजारीबाग)। आजादी के महानायक शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती पर बरही विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला के चौपारण स्थित आवास परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक समेत क्षेत्र के कई गणमान्य जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक शीश नमन किया। पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति और अमर शहीदों के प्रति सम्मान का माहौल दिखा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर आजादी के आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी क्रांतिवीरों को नमन किया तथा उनके जीवन मूल्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बात कही।
भगत सिंह का बलिदान अमर, उनके आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि : अकेला
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि क्रांति, समानता और देशभक्ति का जीता-जागता विचार हैं। हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमने वाले इस वीर सपूत की शहादत का कर्ज देश कभी नहीं चुका सकता। उनका अदम्य साहस, निस्वार्थ त्याग और मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम आज भी हर भारतीय के दिल में देशभक्ति का जज्बा पैदा करता है।
उन्होंने आगे कहा कि आज के दौर में युवाओं को भगत सिंह के विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है। समाज में व्याप्त कुरीतियों, अन्याय और असमानता के खिलाफ आवाज उठाना तथा राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। युवाओं को उनके दिखाए पदचिह्नों पर चलकर सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।
कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्षेत्र के कई पंचायतों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने बारी-बारी से अमर शहीद भगत सिंह को नमन कर उनके विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ताजपुर मुखिया प्रतिनिधि अभिमन्यु प्रसाद भगत, पंचायत समिति प्रतिनिधि ताजपुर टुन्नू वर्णवाल, नंद किशोर यादव, मनोज सिंह, बालकिसुन यादव, रामफल सिंह, प्रहलाद सिंह, सुखदेव यादव, नवीन यादव, संजय यादव, अमित सिंह, करुणा चन्द्रवंशी, प्यारेलाल चौधरी, उमेश सिंह, डॉ. साहब, मो. सलाम, मो. तौहीद, मो. मतीन, गौतम यादव, विनोद यादव, गोरेलाल यादव, दशरथ यादव, मो. रज्जाक, आशीष यादव, राम सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
इसे भी पढ़े: विष्णुगढ़: टेकलाल महतो की पुण्यतिथि पर याद आया संघर्ष और जनसेवा का आदर्श








1 thought on “चौपारण में भगत सिंह की जयंती पर उमाशंकर अकेला ने किया नमन, युवाओं से शहीद के आदर्श अपनाने की अपील”