ओवरटेक के दौरान सामने से आई एक्टिवा से भिड़ी स्कॉर्पियो, करीब 30 मीटर तक घसीटती रही स्कूटी
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। थाना क्षेत्र के नरकी झंडी स्थित एनएच-22 पर शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे स्कॉर्पियो और एक्टिवा स्कूटी की जोरदार टक्कर में स्कूटी सवार 45 वर्षीय तुलसी महतो की मौत हो गई। मृतक बोकारो जिले के बेरमो स्थित संडे बाजार के निवासी थे। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो गोमिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान ओवरटेक करने के क्रम में स्कॉर्पियो सामने से आ रही एक्टिवा स्कूटी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया गया कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो स्कूटी को करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस दौरान स्कूटी स्कॉर्पियो के इंजन के हिस्से में फंस गई।

ग्रामीणों ने मशक्कत कर स्कूटी को निकाला
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। स्कॉर्पियो में फंसी स्कूटी को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटना में तुलसी महतो गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विष्णुगढ़ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही विष्णुगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और एक्टिवा स्कूटी को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया। वहीं शव को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी लेने के साथ दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
हादसे से परिवार में पसरा मातम
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने एनएच-22 पर वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई।







1 thought on “विष्णुगढ़: नरकी में भीषण हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत”