कोनार डैम के फुटबॉल मैदान में जुटे विस्थापित, सोलर पावर परियोजना में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की उठी मांग
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। प्रखंड अंतर्गत कोनार डैम स्थित फुटबॉल मैदान में विस्थापित एवं स्थानीय समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में विस्थापितों की समस्याओं, अधिकार, रोजगार, पुनर्वास समेत 15 सूत्री मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश्वर मंडल ने की, जबकि संचालन केंद्रीय महासचिव एवं झारखंड आंदोलनकारी महमूद आलम ने किया। बैठक में जय नारायण प्रसाद, नारायण महतो, नुनु गोपाल, मुकेश महतो, बिरसा सिंह, शिवनाथ बेसरा, कृष्णा हेम्ब्रम, ईश्वर हेम्ब्रम, रोहित पटेल, लक्ष्मण कुमार महतो, कौलेश्वर रविदास, महादेव मांझी समेत समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विस्थापित परिवारों के लोग मौजूद रहे।
सोलर पावर परियोजना में रोजगार की मांग
बैठक में डीवीसी की ओर से कोनार डैम क्षेत्र में संचालित सौर ऊर्जा परियोजना को लेकर भी चर्चा हुई। समिति ने मांग की कि परियोजना में स्थानीय विस्थापित परिवारों के युवाओं और योग्य लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार एवं कार्य के अवसर दिए जाएं। विस्थापितों का कहना है कि परियोजना उनकी भूमि और क्षेत्र से जुड़ी है, इसलिए इसका लाभ स्थानीय प्रभावित परिवारों को भी मिलना चाहिए।
5 अक्टूबर से शुरू होगा अनिश्चितकालीन धरना
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 5 अक्टूबर को डीवीसी कार्यालय, कोनार डैम के समक्ष कार्यक्रम आयोजित कर 15 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना एवं हड़ताल शुरू की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नौ बजे क़व्वाली से होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से धरना शुरू किया जाएगा। समिति के केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश्वर मंडल और महासचिव महमूद आलम ने सभी विस्थापित परिवारों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। बैठक में कहा गया कि विस्थापितों के अधिकार, रोजगार, पुनर्वास और अन्य मांगों को लेकर अब सामूहिक रूप से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े: विष्णुगढ़: सरकारी काम में दिन-रात जुटे वीएलई, भुगतान के लिए वर्षों से इंतजार





