जिप सदस्य शेख तैयब ने फीता काटकर किया उद्घाटन, भक्ति गीतों और जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल
विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। प्रखंड के बरांय पंचायत अंतर्गत नउवाडीह के बाराघाट में गणेश महोत्सव के अवसर पर आयोजित भक्ति जागरण में श्रद्धा और भक्ति का ऐसा रंग चढ़ा कि श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। पूजा समिति की ओर से आयोजित जागरण कार्यक्रम का उद्घाटन विष्णुगढ़ मध्य क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य शेख तैयब ने फीता काटकर किया। इसके बाद भक्ति गीतों का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा।

बाराघाट में पिछले दो दशक से अधिक समय से गणपति पूजनोत्सव की परंपरा निरंतर चली आ रही है। इस वर्ष भी पूजा समिति की ओर से पूरे विधि-विधान और उत्साह के साथ गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जागरण में कलाकारों ने भगवान गणेश की महिमा से जुड़े भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। जैसे-जैसे भक्ति गीतों की धुन तेज होती गई, वैसे-वैसे श्रद्धालु भी भक्ति में झूमते नजर आए। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा बाराघाट गुंजायमान रहा।
उद्घाटन के अवसर पर जिला परिषद सदस्य शेख तैयब ने कहा कि आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द से ही समाज में विकास और सकारात्मक बदलाव का वातावरण तैयार होता है। सभी धर्मों के प्रति सम्मान और आपसी सद्भाव समाज की मजबूती के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि गणेश महोत्सव जैसे धार्मिक आयोजन लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करते हैं। ऐसे आयोजन में शामिल होकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने पूजा समिति के सभी सदस्यों और श्रद्धालुओं को आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा प्रथम पूज्य भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

जागरण को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग कार्यक्रम में पहुंचे। भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं की तालियों और गणपति बप्पा के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
इस मौके पर मुखिया राजेंद्र मंडल, पंचायत समिति सदस्य मनोज मंडल, पूर्व मुखिया मोहन मंडल, महादेव मंडल, राजकुमार मंडल, अंगदेव मंडल, जुगल मंडल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।








1 thought on “विष्णुगढ़: गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा बाराघाट, भक्ति जागरण में रातभर झूमे श्रद्धालु”