चौपारण में मचा सियासी बवाल! पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने विधायक और थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप

पूर्व विधायक ने प्रेस वार्ता में गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने शराब बरामदगी मामले में कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अवैध बालू, शराब, अफीम और डोडा कारोबार को संरक्षण देने का आरोप लगाया...

Craft Samachar
6 Min Read

शराब बरामदगी मामले में कार्रवाई पर उठाए सवाल, अवैध कारोबार को संरक्षण देने का लगाया आरोप, मुख्यमंत्री से शिकायत करने की कही बात

चौपारण (हजारीबाग) : बरही विधानसभा के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने मंगलवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वर्तमान विधायक और थाना प्रभारी पंकज कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भगहर स्थित परसातरी मुखिया जी होटल में हुई शराब बरामदगी की कार्रवाई पर कई सवाल खड़े करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही उन्होंने चौपारण में अवैध बालू, शराब, अफीम और डोडा जैसे अवैध कारोबारों को संरक्षण दिए जाने का आरोप भी लगाया।

chouparan political row former mla umashankar akela levels serious allegations against mla and police station in charge2

शराब बरामदगी की कार्रवाई पर उठाए कई सवाल

पूर्व विधायक ने कहा कि भगहर स्थित परसातरी मुखिया जी होटल में शनिवार को थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी कर 18 पेटी शराब बरामद की गई थी, लेकिन जिस स्कॉर्पियो वाहन से शराब लाई गई थी, उसे छोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल से एक बंदूक भी बरामद हुई थी, जिसे थाना प्रभारी ने लाइसेंसी बताकर छोड़ दिया।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह उल्लेख किया गया है कि प्रशासन को देखकर होटल संचालक फरार हो गया था। ऐसे में जब होटल संचालक मौके पर मौजूद ही नहीं था, तो यह जानकारी किसने दी कि बंदूक लाइसेंसी है? उन्होंने मांग की कि पुलिस यह सार्वजनिक करे कि शराब बरामदगी मामले में कितने लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा किस-किस को आरोपी बनाया गया है।

होटल संचालक को बचाने का लगाया आरोप

उमाशंकर अकेला ने कहा कि जिस होटल से शराब बरामद हुई, उसके संचालक के खिलाफ मामला दर्ज क्यों नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि उक्त होटल भुनेश्वर यादव उर्फ पहलवान का है और सभी लोग इस बात को जानते हैं। इसके बावजूद उनका नाम प्राथमिकी में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किसके दबाव में उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है।

थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व विधायक ने थाना प्रभारी पंकज कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चौपारण क्षेत्र में अवैध बालू कारोबारियों से प्रति माह ₹7,000 की वसूली की जा रही है। इसके अलावा लाइन होटलों से भी मोटी रकम वसूले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी के संरक्षण में चौपारण के कई होटलों में डीजल कटिंग का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है और इससे जुड़े लोगों से भी अवैध वसूली की जाती है।

उन्होंने कहा कि चौपारण में जितने भी गलत और अवैध कार्य हो रहे हैं, उनसे मोटी रकम वसूली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी चौपारण में कानून व्यवस्था बनाए रखने के बजाय अवैध कारोबारियों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं।

वर्तमान विधायक पर भी साधा निशाना

वर्तमान विधायक मनोज कुमार यादव पर निशाना साधते हुए उमाशंकर अकेला ने कहा कि जब वे विधायक थे, तब उन पर और उनके पुत्र पर दो नंबर के कार्यों को संरक्षण देने के आरोप लगाए जाते थे। उन्होंने कहा कि विधायक रहते हुए भी उन्होंने अवैध गतिविधियों का विरोध किया था और आज भी उसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में तत्कालीन उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री जगरनाथ महतो को भगहर ले जाकर सैकड़ों अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त कराया गया था।

उन्होंने कहा कि अब वे विधायक नहीं हैं, ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि वर्तमान समय में अवैध बालू, शराब, अफीम और डोडा जैसे कारोबार किसके संरक्षण में संचालित हो रहे हैं। उनका आरोप है कि ये सभी अवैध गतिविधियां वर्तमान विधायक और थाना प्रभारी के संरक्षण में उनके करीबी लोगों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित की जा रही हैं।

पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि परसातरी मुखिया जी होटल से बरामद शराब भाजपा कार्यकर्ता एवं वर्तमान विधायक के करीबी भुनेश्वर यादव उर्फ पहलवान से जुड़ी हुई थी। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि भगहर के जंगलों में अवैध महुआ शराब का निर्माण कर उसकी तस्करी बिहार भेजी जाती है।

मुख्यमंत्री से करेंगे शिकायत

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उमाशंकर अकेला ने कहा कि वे चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के कथित कृत्यों से राज्य के मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करेंगे।

इसे भी पढ़े: शिक्षा की राह हुई आसान: उमवि हरिजन करमा में 35 छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल, विद्यार्थियों के चेहरे पर दिखी खुशी

डिस्क्लेमर: यह समाचार पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला द्वारा प्रेस वार्ता में लगाए गए आरोपों और दिए गए बयानों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि क्राफ्ट समाचार द्वारा नहीं की गई है। संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष उपलब्ध होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। किसी भी जांच या न्यायिक प्रक्रिया के पूर्ण होने तक इन आरोपों को अंतिम सत्य नहीं माना जाना चाहिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।