जनप्रतिनिधियों पर वादाखिलाफी का आरोप, जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
तिसरी मनोज लाल बर्नवाल (Giridih): गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत बेलवाना पंचायत के अंजनवा मलुकचाल गांव में बरसात शुरू होते ही वर्षों पुरानी सड़क की समस्या एक बार फिर सामने आ गई है। कीचड़ और जलजमाव से कच्ची सड़क पूरी तरह बदहाल हो गई है, जिससे ग्रामीणों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। समस्या से नाराज ग्रामीणों ने समाजसेवी इंकज कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन कर जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आदिवासी, राय और हरिजन समुदाय के करीब 700 लोग रहते हैं, लेकिन आज तक गांव को पक्की सड़क की सुविधा नहीं मिल सकी है। हर साल बारिश के दौरान सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण सबिता कुमारी और बबीता देवी ने कहा कि चुनाव के समय सड़क निर्माण के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनप्रतिनिधि गांव की समस्याओं को भूल जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री सह धनवार विधायक बाबूलाल मरांडी को भी कई बार जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
अनीता देवी ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण बरसात में एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती है। किसी के बीमार पड़ने पर उसे खटिया या गोद में उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। वहीं कविता देवी ने बताया कि गांव में पेयजल संकट भी गंभीर है। गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ता है। गांव के दोनों चापाकल खराब पड़े हैं और विधायक मद से अब तक नया चापाकल भी नहीं लगाया गया है। ऐसे में ग्रामीणों की निर्भरता केवल कुओं पर है, जो गर्मी में सूख जाते हैं।
समाजसेवी इंकज कुमार ने कहा कि अंजनवा मलुकचाल गांव वर्षों से सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं किया, तो ग्रामीणों के साथ प्रखंड मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन तेज किया जाएगा।
इसे भी पढ़े: Giridih: तिसरी में ड्राइविंग लाइसेंस की दो दिवसीय शिविर की शुरुआत, पहले दिन 90 आवेदन, अव्यवस्था पर उठे सवाल
