Giridih: पीरटांड़ थाना क्षेत्र के कठवारा के समीप गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान पालगंज निवासी 45 वर्षीय सुजीत कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। घायल बच्चे मनीष का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है।
बताया गया कि सुजीत कुमार गुप्ता अपने पुत्र के साथ मिठाई खरीदने के लिए बदडीहा गए थे। खरीदारी के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान कठवारा के पास सामने से आ रही एक बाइक के चालक ने बिना किसी संकेत के अचानक मोड़ ले लिया, जिससे दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी और उन्हें इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया।
इधर, स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गए दूसरे बाइक चालक ने भीड़ का फायदा उठाकर अपनी बाइक छोड़ दी और मौके से फरार हो गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद सुजीत कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पुत्र का इलाज जारी है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।