पति की लंबी आयु के लिए सुहागिनों ने किया वट सावित्री व्रत

Nitish Keshri
2 Min Read

बरही (हजारीबाग)। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शनिवार को ज्येष्ठ अमावस्या के अवसर पर वट सावित्री पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर विधि-विधान से व्रत एवं पूजा-अर्चना की।

सुबह से ही महिलाएं सोलह श्रृंगार कर बरगद के पेड़ के समीप एकत्रित हुईं और वट वृक्ष की पूजा की। महिलाओं ने वट वृक्ष की सात बार परिक्रमा कर धागा बांधा तथा पति की दीर्घायु की कामना की। इस दौरान फल, फूल, मिठाई एवं पूजन सामग्री अर्पित कर श्रद्धापूर्वक पूजा संपन्न की गई।

पूजा के दौरान महिलाओं ने सावित्री और सत्यवान की कथा भी सुनी। धार्मिक मान्यता के अनुसार सावित्री ने अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस प्राप्त किए थे। इसी कारण यह व्रत पति-पत्नी के प्रेम, समर्पण और अटूट विश्वास का प्रतीक माना जाता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी वट सावित्री पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। कई महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर परिवार की सुख-शांति एवं पति की लंबी आयु की प्रार्थना की। पूरे दिन पूजा स्थलों पर भक्तिमय माहौल बना रहा।

इसे भी पढ़े: नेहा राज हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, अवैध संबंध और बदले की भावना में हुआ मर्डर

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।