उपायुक्त ने मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अनुपस्थित पदाधिकारी व कर्मियों पर तत्काल कार्रवाई करने का दिया निर्देश

Craft Samachar
2 Min Read

धनबाद। उपायुक्त आदित्य रंजन ने मंगलवार सुबह होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा का औचक निरीक्षण किया। प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को सुबह 5 बजे तक अपने निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य था।

इस क्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन ने पाया कि इसके बावजूद एक कंप्यूटर ऑपरेटर,छह पदाधिकारी और दो चौकीदार सुबह 8 बजे तक भी अपने निर्धारित स्थल पर उपस्थित नहीं हुए थे।अनुपस्थित पदाधिकारी और कर्मियों की लापरवाही एवं कर्तव्य में शिथिलता को उपायुक्त ने अत्यंत गंभीरता से लिया।उपायुक्त ने कंप्यूटर ऑपरेटर को तत्काल प्रभाव से कार्य से मुक्त कर दिया। साथ में सभी पदाधिकारियों का अगले आदेश तक वेतन स्थगित करते हुए निलंबन और अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल टीम की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली पर भी उपायुक्त आदित्य रंजन ने असंतोष व्यक्त किया। उपायुक्त ने मेडिकल टीम से स्पष्टीकरण के लिए सिविल सर्जन को निर्देशित किया। साथ में आज प्रतिनियुक्त सभी मेडिकल कर्मियों का वेतन स्थगित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि होमगार्ड बहाली प्रक्रिया की निष्पक्षता,पारदर्शिता और समयबद्ध संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा अनुपस्थिति को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इसे भी पढ़े: पं.दीनदयाल उपाध्याय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

⚠️
Craft Samachar: कंटेंट सुरक्षित है।