रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते की जमानत याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में बुधवार को सुनवाई हुई। न्यायमूर्ति अनिल कुमार चौधरी की अदालत ने मामले की प्रकृति और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों को देखते हुए याचिका मुख्य न्यायाधीश के पास भेज दी है। अब मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर यह तय होगा कि मामले की सुनवाई किस बेंच में की जाएगी।
भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की सुनवाई दूसरी अदालत में
हाईकोर्ट में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से संबंधित मामलों की सुनवाई सामान्यतः न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी की अदालत में होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए एल. खियांग्ते की जमानत याचिका को उचित बेंच में सुनवाई के लिए स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
गौरतलब है कि विशेष सीआईडी अदालत ने गत 5 सितंबर 2026 को खियांग्ते की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने राहत के लिए झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। JPSC परीक्षा में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों के मामले में वह 10 अगस्त 2026 से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।
इस मामले में सीआईडी की ओर से चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। अब सभी की निगाहें मुख्य न्यायाधीश के निर्देश और अगली सुनवाई पर टिकी हैं। संबंधित बेंच में सुनवाई के बाद ही उनकी जमानत याचिका पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





