नाला (जामताड़ा) / शेख शमीम। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व द्वारा चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बुधवार को नाला विधानसभा क्षेत्र के विंदापाथर मंडल अंतर्गत खमारबाद ग्राम में प्रबुद्ध जनों की संगोष्ठी का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा सहित विभिन्न दलों के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि दूसरे दलों के कार्यकर्ताओं का भाजपा में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र के युवाओं का विश्वास भाजपा के प्रति बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सम्मान और बेहतर भविष्य देने का काम भाजपा ही कर सकती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो नेताओं के बजाय बूथ और शक्ति केंद्रों पर खड़े कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव लड़ती और जीतती है। आने वाले चुनाव में यही युवा कार्यकर्ता नाला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को जीत दिलाएंगे।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सुमित शरण ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र में विश्वास करने के बजाय भीड़तंत्र के माध्यम से अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता लोकतंत्र में विश्वास करती है और देश में सत्ता उसी की रहेगी, जो लोकतंत्र का सम्मान करेगा।
भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता का उत्साह देखकर स्पष्ट है कि आने वाले चुनाव में भाजपा न केवल नाला विधानसभा बल्कि पूरे झारखंड में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यपद्धति से प्रभावित होकर दूसरे दलों के कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हो रहे हैं। आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में और कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ेंगे तथा नाला में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में भाजपा नेता विष्णु मंडल, जिला उपाध्यक्ष कृष्णचंद्र महतो, दिलीप हेंब्रम, जिला मंत्री किरण बेसरा, आभा आर्या, अबीता हांसदा, मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, अमित सिंह, सूरज झा, गोपाल महतो सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इसे भी पढ़े: जामताड़ा: भूड़ीसेमल गांव की 200 मीटर सड़क बदहाल, गड्ढों और कीचड़ के बीच चलने को मजबूर ग्रामीण







1 thought on “जामताड़ा: खमारबाद में भाजपा की संगोष्ठी, झामुमो समेत दूसरे दलों के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने थामा भाजपा का दामन”