देवघर / सुधांशु शेखर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त (DC) सौरभ कुमार भुवानिया द्वारा जिले में चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत देवघर और मोहनपुर प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर आयोजित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एवं बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की संयुक्त बैठक तथा ‘चुनाव पाठशाला’ की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों को ससमय व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने हेतु आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिए।
विभिन्न मतदान केंद्रों की स्थिति की समीक्षा
अपने निरीक्षण कार्यक्रम के तहत उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने देवघर प्रखंड के अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 246, 247, और 248 का दौरा किया। इसके पश्चात उन्होंने मोहनपुर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले बूथ संख्या 450, 408, 409, 382, और 384 पर पहुँचकर वहाँ चल रही बीएलओ-बीएलए बैठक एवं चुनाव पाठशाला का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व कर्मियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शिता से पूरा करें ताकि कोई भी योग्य मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
लापरवाही पर सख्त रुख, वेतन रोकने का निर्देश
आमगाछी में मतदान केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ सुपरवाइजर की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में इस प्रकार की घोर लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी करने और उनका वेतन रोकने का कड़ा निर्देश दिया।







1 thought on “जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने किया देवघर एवं मोहनपुर प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण”