चौपारण (हजारीबाग)। जीटी रोड स्थित महूदी में लगातार लग रहे जाम और बदहाल सड़क की समस्या को लेकर बरही विधायक मनोज कुमार यादव के सख्त रुख का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। विधायक के सात दिनों के अल्टीमेटम और हजारीबाग डीसी से शिकायत के बाद एनएचएआई तथा सड़क निर्माण कंपनी ने महूदी में सड़क मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। निर्माण कंपनी की ओर से महूदी के आसपास जर्जर सर्विस रोड और जीटी रोड पर बने गड्ढों की भराई का काम शुरू किया गया है। सड़क की स्थिति में सुधार होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीणों ने विधायक से की थी शिकायत
बताया गया कि बीते दिनों विधायक मनोज कुमार यादव समर्थकों के साथ महूदी पहुंचे थे और मौके पर सड़क की स्थिति का जायजा लिया था। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रोजाना लगने वाले जाम, स्कूली बच्चों को होने वाली परेशानी और एंबुलेंस के फंसने जैसी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया था।
ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद विधायक ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर स्थिति में सुधार लाने का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि निर्धारित समय में काम शुरू नहीं होने पर निर्माण कंपनी के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा।
डीसी से फोन पर की थी शिकायत
विधायक ने मौके से ही हजारीबाग डीसी से फोन पर बातचीत कर महूदी की सड़क और जाम की समस्या के समाधान की मांग की थी। इसके बाद एनएचएआई और संबंधित निर्माण कंपनी की ओर से सड़क की मरम्मत का काम शुरू किया गया।
सड़क मरम्मत शुरू होने से लोगों को राहत
महूदी में गड्ढों की भराई और जर्जर सड़क की मरम्मत शुरू होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों ने राहत की उम्मीद जताई है। लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति बेहतर होने से आवागमन सुचारू होगा और लंबे समय से बनी जाम की समस्या में भी कमी आ सकती है। ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत का काम शुरू कराने की पहल के लिए विधायक मनोज कुमार यादव के प्रति आभार जताया है।







