विष्णुगढ़ (हजारीबाग) / राजेश दुबे। न सत्ता का रुतबा, न सुरक्षा का तामझाम और न ही किसी तरह का विशेष इंतजाम। सड़क किनारे एक छोटी-सी नाई की दुकान, सामने आम ग्राहक की कुर्सी और उस पर बैठे मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो। सोमवार को बनासो चौक पर विधायक का यह सादगी भरा अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
दरअसल, विधायक सोमवार को विष्णुगढ़ प्रखंड के बनासो चौक पहुंचे थे। इस दौरान वे किसी बड़े पार्लर के बजाय स्थानीय निवासी मुकेश ठाकुर की साधारण नाई की दुकान पर जा पहुंचे। वहां उन्होंने आम ग्राहक की तरह कुर्सी संभाली और अपनी दाढ़ी-मूंछ बनवाई। विधायक को अपने बीच इस सहज अंदाज में देखकर दुकान पर मौजूद लोग और आसपास के ग्रामीण भी आश्चर्यचकित रह गए।
इस दौरान विधायक ने केवल दाढ़ी-मूंछ ही नहीं बनवाई, बल्कि स्थानीय लोगों के साथ बैठकर बातचीत भी की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। सड़क किनारे एक छोटी-सी दुकान पर विधायक की यह सहज मौजूदगी जनप्रतिनिधि और आम जनता के बीच सीधे संवाद की एक अलग तस्वीर पेश कर गई।
आमतौर पर जनप्रतिनिधियों की गतिविधियों में सुरक्षा, काफिले और विशेष व्यवस्थाओं की तस्वीरें सामने आती हैं, लेकिन बनासो चौक पर विधायक का यह अंदाज बिल्कुल अलग रहा। बिना किसी औपचारिकता के आम लोगों के बीच बैठना और उनकी बातें सुनना चर्चा का विषय बन गया।
विधायक के दाढ़ी बनवाने की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं। लोग उनके इस सादगी भरे अंदाज पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। सोमवार को बनासो चौक की मुकेश ठाकुर की छोटी-सी दुकान अचानक चर्चा के केंद्र में आ गई। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि की असली पहचान केवल उसके पद और काफिले से नहीं, बल्कि आम लोगों के बीच उसकी सहज मौजूदगी और संवाद से भी बनती है।







