दैहर पंचायत का मुख्य मार्ग जर्जर, स्कूली बच्चे फिसल कर गिर रहे, किताबें हो रही खराब
चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण प्रखंड की दैहर पंचायत को स्मार्ट विलेज का दर्जा मिला है, लेकिन पंचायत को आसपास के गांवों और मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बरसात के दौरान सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो गया है।

कई गांवों को जोड़ता है यह महत्वपूर्ण मार्ग
दैहर पंचायत के ग्राम दैहर, हथिंदर, सोहरा, नीमा सहित झापा पंचायत के बेढ़ना गांव को जोड़ते हुए यह सड़क दैहर मोड़ तक पहुंचती है। ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग दो पंचायतों के हजारों लोगों के लिए हजारीबाग-चौपारण मुख्य मार्ग तक पहुंचने का प्रमुख साधन है। सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।

कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
बरसात में सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा खराब हो जाती है। जगह-जगह बने गड्ढों में पानी जमा होने के बाद रास्ते पर कीचड़ फैल जाता है। इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे पैदल और साइकिल से विद्यालय जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कीचड़ के कारण कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं। इससे उनके कपड़े गंदे होने के साथ-साथ स्कूल बैग में रखी किताबें और कॉपियां भी खराब हो जाती हैं। अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।

स्मार्ट विलेज के बावजूद सड़क की स्थिति पर सवाल
ग्रामीणों ने कहा कि दैहर पंचायत को स्मार्ट विलेज का दर्जा दिया गया है, लेकिन पंचायत का महत्वपूर्ण मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर है। उनका आरोप है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई।

ग्रामीणों ने पक्की सड़क निर्माण की मांग की
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क का जल्द से जल्द पक्कीकरण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क बनने से दैहर सहित आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी और स्कूली बच्चों को भी बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से निजात मिल सकेगी।
इसे भी पढ़े: ढाई करोड़ से सजा तिसरी का नेचर पार्क, 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खुलेगा द्वार








1 thought on “चौपारण: स्मार्ट विलेज दैहर का मुख्य मार्ग बदहाल, कीचड़ से भरी सड़क बनी ग्रामीणों की परेशानी”