कारीपहरी के पास हुआ हादसा, बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा
चौपारण। चौपारण थाना क्षेत्र के कारीपहरी के पास हाइवा की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल लराही गांव निवासी सरयू यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कारीपहरी के पास हाइवा की चपेट में आने से सरयू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा था। लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सरयू यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
अस्पताल पहुंच विधायक ने परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की सूचना मिलने पर बरही विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज कुमार यादव अनुमंडलीय अस्पताल, बरही पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और इस दुख की घड़ी में परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
भारी वाहनों की आवाजाही पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में भारी वाहनों के परिचालन और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सावधानी बरतने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।







