कोडरमा से हटाकर हजारीबाग पथ प्रमंडल के अधीन करने की मांग, जनप्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन
चौपारण। बच्छई पंचायत के सिंघरावां मोड़ से सेवई फिश फार्म तक जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आवाज बुलंद की है। सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों को हो रही परेशानी को देखते हुए शनिवार को पंचायत के मुखिया वीरेंद्र रजक, पंचायत समिति सदस्य सहदेव प्रसाद यादव एवं पत्रकार किशोर कुमार ने चाराडीह में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सड़क की जल्द मरम्मत कराने और इसके रखरखाव की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि सेवई-ओबरा सड़क भौगोलिक रूप से हजारीबाग जिले के अंतर्गत आती है, लेकिन इसका प्रबंधन फिलहाल पथ प्रमंडल कोडरमा के अधीन है। प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र में इस अंतर के कारण सड़क की मरम्मत और रखरखाव से जुड़े कार्यों में परेशानी उत्पन्न हो रही है। सड़क की जर्जर हालत के चलते स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि सेवई-ओबरा सड़क को पथ प्रमंडल कोडरमा से हटाकर पथ प्रमंडल हजारीबाग के अधीन किया जाए, ताकि मरम्मत कार्य की प्रक्रिया में तेजी आए और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
मामले पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मंत्री के इस कदम से स्थानीय लोगों में सड़क की मरम्मत और लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। अब ग्रामीणों की निगाहें विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं।







1 thought on “जर्जर सेवई-ओबरा सड़क की बदहाली दूर करने की पहल, अन्नपूर्णा देवी ने विभाग को दिया कार्रवाई का निर्देश”