हजारीबाग। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर चौपारण थाना क्षेत्र के लोहरा गांव स्थित पहाड़ी एवं जंगल क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब और उसके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।

सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के निर्देशन तथा निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में चौपारण थाना के सहयोग से संचालित इस अभियान के दौरान घने पहाड़ी क्षेत्र की तलहटी एवं जंगलों में छिपाकर संचालित की जा रही अवैध चुलाई शराब निर्माण की भट्टियों का पता लगाकर उन्हें ध्वस्त किया गया। मौके से शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री एवं उपकरण भी जब्त किए गए।
छापेमारी के दौरान लगभग 9500 किलोग्राम किन्वयन योग्य जावा महुआ को विनष्ट किया गया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई तथा करीब 800 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। उत्पाद विभाग द्वारा इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है तथा उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में निरीक्षक उत्पाद सौरव कुमार झा, अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सय्यद बसिरुद्दीन, सहायक अवर निरीक्षक एंटोनी बागे, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह, सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवानों तथा चौपारण थाना पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही।