दो महिला आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि के बाद खुला ताला, फरार आरोपियों की तलाश जारी
चौपारण (Hazaribagh): चौपारण प्रखंड की दादपुर पंचायत अंतर्गत हारपुर गांव में 5 जुलाई को एक महिला और उसके परिवार के साथ हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला के चौपारण स्थित आवास का घेराव कर मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक ताला नहीं खोला जाएगा।

अचानक हुए विरोध प्रदर्शन से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण पूर्व विधायक के आवास के बाहर जुट गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप था कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।
पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने ग्रामीण
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए कुछ देर बाद चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और अंचल अधिकारी संजय यादव भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों और पीड़ित परिवार से लंबी वार्ता कर ताला खोलने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारी से पहले कोई समझौता करने से इनकार कर दिया।

दो महिला आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शांत हुआ विरोध
काफी देर तक चली वार्ता के बाद थाना प्रभारी पंकज कुमार ने मौके पर ही मारपीट मामले में नामजद दो महिला आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के इस आश्वासन और दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। इसके बाद पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला के आवास का ताला खोल दिया गया और वे बाहर निकले।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
हारपुर घटना पर विधायक मनोज यादव ने जताया दुख, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग
इस बीच बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने हारपुर गांव की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

विधायक ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह की घटना को अंजाम देने का साहस न कर सके। मनोज कुमार यादव ने आरोप लगाया कि इस संवेदनशील मामले को लेकर सत्ताधारी दल के कुछ लोग राजनीतिक नौटंकी कर रहे हैं, जबकि सबसे पहली प्राथमिकता पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय में किसी भी प्रकार की देरी पीड़ित परिवार के साथ अन्याय होगा।
इसे भी पढ़े: Hazaribagh: आजादी के वर्षों बाद पहली बार गांव में पहुंची बिजली, विधायक ने किया विद्युतीकरण कार्य का उद्घाटन
