बरही। मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए युवा साथी झारखंड संस्था ने सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मेराज खान के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। संस्था के सदस्यों ने आपसी सहयोग से राशि एकत्रित कर चेक के माध्यम से परिजनों को सौंपा।
ज्ञात हो कि शकरी मुहल्ला, कोनरा (बरही) निवासी मेराज खान बीते दिनों एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वर्तमान में उनका इलाज रांची स्थित जेनेटिक हॉस्पिटल में वेंटिलेटर पर चल रहा है। चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है, लेकिन इलाज का बढ़ता खर्च परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
स्थिति की जानकारी मिलते ही युवा साथी झारखंड के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए आर्थिक सहयोग का निर्णय लिया। इस पहल में प्रेम प्रजापति, मोहम्मद सद्दाम खान, मोहम्मद अहमद खान एवं मोहम्मद रिजवान का विशेष योगदान रहा। संस्था ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया।
बुधवार को संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष विकास सिंह, कोषाध्यक्ष अजय मेहता, अहमद खान, मोहम्मद रिजवान एवं दीपेश कुमार उपस्थित रहे।
संस्था के सदस्यों ने कहा कि अचानक आई आपदा किसी भी परिवार को आर्थिक ही नहीं, मानसिक रूप से भी झकझोर देती है। ऐसे कठिन समय में सामाजिक एकजुटता और सामूहिक सहयोग ही सबसे बड़ी ताकत होती है।
युवा साथी झारखंड ने समाज के सक्षम एवं जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे आगे आकर घायल मेराज खान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करें तथा परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान करें। संस्था ने दोहराया कि वह भविष्य में भी जरूरतमंदों और पीड़ितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
इसे भी पढ़े: चार माइल एनएच-33 से करियातपुर जीटी रोड तक सड़क को लेकर बरही विधायक ने विधानसभा में उठाया मुद्दा








1 thought on “बरही : संकट की घड़ी में युवा साथी झारखंड ने बढ़ाया मदद का हाथ, किया आर्थिक सहयोग”