हार्ट स्ट्रोक और सांस लेने में परेशानी के बाद 14 अक्टूबर से ब्रह्मानंद अस्पताल में भर्ती, समर्थक कर रहे शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
सरायकेला/जमशेदपुर: अखिल भारतीय अनुसूचित जाति-जनजाति एकता मंच के जिला संरक्षक रंजन करवा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जमशेदपुर स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती कराया गया है। सीनी के मोहितपुर निवासी रंजन करवा की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रंजन करवा को हार्ट स्ट्रोक आने और सांस लेने में अत्यधिक परेशानी होने के बाद 14 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिकित्सकों की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
रंजन करवा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। समाज को एकजुट करने, सामाजिक उत्थान और वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने के प्रयासों में उनके योगदान को महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में उनके अस्वस्थ होने की खबर से समाज के लोगों और मंच के कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल है।
इधर, रंजन करवा की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने के बाद उनके शुभचिंतक, परिचित और मंच से जुड़े कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। सभी उनके जल्द स्वस्थ होने और पुनः स्वस्थ होकर सामाजिक कार्यों में सक्रिय होने की कामना कर रहे हैं। समाज के लोगों को उम्मीद है कि रंजन करवा जल्द स्वस्थ होकर अपने बीच लौटेंगे।
इसे भी पढ़े: जमुई: जेनिथ सोशल फाउंडेशन की ओर से स्कूली बच्चे बच्चियों को दिया गया कराटे व योग का प्रशिक्षण






