देवघर शहर आने-जाने वाले दर्जनों गांवों को मिलेगी राहत, पुल बनने तक लोगों की सुविधा के लिए बनेगा वैकल्पिक डायवर्सन
देवघर सुधांशु शेखर। जिले के पुनासी डैम के स्पिलवे के नीचे स्थित पुल टूटने से पिछले एक साल चार महीने से दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित था। इन गांवों के ग्रामीणों के लिए देवघर शहर आने-जाने का यही प्रमुख मार्ग है। पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद से ग्रामीणों को लंबी दूरी तय कर आवागमन करना पड़ रहा था। खासकर मरीजों, स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और रोजमर्रा के काम से शहर आने-जाने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।लंबे इंतजार के बाद आखिरकार पुल निर्माण की दिशा में पहल शुरू हुई। देवघर विधायक सुरेश पासवान ने फीता काटकर विधिवत पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी देखी गई। पुल निर्माण की पहल से लोगों को उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में आवागमन की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।जानकारी के अनुसार, पुल का निर्माण कार्य पूरा होने में लगभग दो वर्ष का समय लग सकता है। इस दौरान ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए तत्काल वैकल्पिक डायवर्सन का निर्माण कराया जाएगा, ताकि पुल निर्माण कार्य जारी रहने के बावजूद लोगों का आना-जाना बाधित न हो।पुल का शिलान्यास होने के बाद अब ग्रामीणों की निगाहें निर्माण कार्य की गति पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर पुल का निर्माण पूरा होगा और दर्जनों गांवों को आवागमन की बड़ी समस्या से निजात मिलेगी।
इसे भी पढ़े: देवघर: उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित दरबार में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों ने रखीं समस्याएं






1 thought on “एक साल चार महीने बाद टूटा इंतजार: पुनासी डैम के नीचे क्षतिग्रस्त पुल का देवघर विधायक सुरेश पासवान ने किया शिलान्यास”