चंदवारा में पीछा करने के दौरान हुआ भीषण हादसा, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की भूमिका की जांच शुरू की
कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोयला लदे तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक ने पुलिस की बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में पुलिस जवान राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बोलेरो में सवार अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, घटना रांची-पटना मुख्य मार्ग पर मदनगुंडी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे रेलवे ओवरब्रिज के समीप हुई। बताया जाता है कि चंदवारा पुलिस बरही की ओर से कोडरमा की तरफ जा रहे कोयला लदे 12 चक्का ट्रक का पीछा कर रही थी। इसी दौरान ट्रक चालक ने पुलिस की बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो सड़क पर पलट गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल जवान राजेंद्र मेहता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
ट्रक जब्त, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने कोयला लदे 12 चक्का ट्रक को पकड़कर जब्त कर लिया और थाने ले आई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ट्रक चालक ने जानबूझकर पुलिस वाहन को टक्कर मारी या फिर पीछा करने के दौरान यह दुर्घटना हुई। घायल जवान की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।







