कोडरमा में सीडी बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय में जमकर हंगामा, निलंबन रद्द करने की मांग पर अड़ी छात्राएं
कोडरमा। सदर प्रखंड स्थित सीडी बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय के प्राचार्य शशि कुमार के निलंबन की खबर सुनकर छात्राएं आक्रोशित हो उठीं। छात्राओं ने कक्षाओं से बाहर निकलकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया और प्राचार्य का निलंबन रद्द करने की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, विभागीय लापरवाही एवं अन्य आरोपों को लेकर प्राचार्य शशि कुमार को निलंबित किया गया है। बुधवार को विद्यालय पहुंचने पर जैसे ही छात्राओं को इसकी जानकारी मिली, वे एकजुट होकर विरोध करने लगीं। छात्राओं का कहना था कि शशि कुमार के प्राचार्य बनने के बाद विद्यालय में पढ़ाई-लिखाई सहित अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में काफी सुधार हुआ है। ऐसे में उनका निलंबन उचित नहीं है।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्राचार्य शशि कुमार विद्यालय से बाहर निकलने लगे। आक्रोशित छात्राएं मुख्य गेट खोलकर उनके पीछे सड़क तक दौड़ पड़ीं और उन्हें वापस विद्यालय ले आईं। छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपने प्राचार्य को विद्यालय से जाने नहीं देंगी। उनकी मांग है कि निलंबन आदेश वापस लेकर शशि कुमार को पुनः विद्यालय में पदस्थापित किया जाए।

तीन बार जारी किया गया था कारण बताओ नोटिस : डीईओ
वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकुल राज ने बताया कि प्राचार्य शशि कुमार द्वारा लगातार कार्य में लापरवाही बरती जा रही थी तथा वरीय अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी की जा रही थी। इस संबंध में उन्हें तीन बार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद विभागीय प्रक्रिया के तहत उन्हें निलंबित किया गया है।
डीईओ ने कहा कि विभागीय कार्रवाई एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है और इसको लेकर छात्राओं का उग्र प्रदर्शन करना उचित नहीं है। वे स्वयं विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से बातचीत करेंगे और उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगे।
इधर, प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस विद्यालय पहुंची और छात्राओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद छात्राओं को विद्यालय परिसर के अंदर किया गया। घटना के दौरान विद्यालय में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इसे भी पढ़े: चौपारण: स्थानीय व्यवसाय को बढ़ावा देना जरूरी, उर्मिला इंटरप्राइजेज पहुंचे जिला परिषद उम्मीदवार राहुल रंजन







1 thought on “प्राचार्य के निलंबन पर भड़कीं छात्राएं, सड़क पर दौड़कर वापस विद्यालय ले आईं”