तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र से 30 अक्टूबर को गायब हुआ था ट्रक, 1100 पेटी विदेशी शराब भी गायब, हत्या और लूट की आशंका से पुलिस जांच तेज
चौपारण (हजारीबाग)। रांची के तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हुए शराब लदे ट्रक का मामला अब गंभीर हो गया है। 30 अक्टूबर को लापता हुआ ट्रक चौपारण थाना क्षेत्र में खाली हालत में बरामद किया गया है। ट्रक में लदी करीब 80 लाख रुपये मूल्य की 1100 पेटी विदेशी शराब का कोई पता नहीं है। पुलिस हत्या और शराब लूट समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
चौपारण में खाली हालत में मिला ट्रक
जानकारी के अनुसार, ट्रक तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र से विदेशी शराब की खेप लेकर रवाना हुआ था। इसमें करीब 1100 पेटी शराब लदी थी, जिसकी अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, ट्रक अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा और बीच रास्ते से लापता हो गया। इसके बाद इस संबंध में तुपुदाना ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान ट्रक में शराब की पेटियां नहीं मिलीं।
पकरिया में मिले शव से जुड़ रहे तार
प्रारंभिक सूचनाओं में जानकारी सामने आई थी कि चालक का शव ट्रक के अंदर से ही मिला है, लेकिन उसके बाद जानकारी आया है कि ट्रक खाली था और चालक का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

हालांकि, इस मामले की जांच में एक नया मोड़ आ गया है। बीते दिन चौपारण थाना क्षेत्र के कुएं से एक अज्ञात शव बरामद किया गया था। पुलिस अब इस कुएं से मिले शव के तार शराब लदे ट्रक और लापता चालक से जोड़कर सघन जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि शराब माफियाओं ने लूट का विरोध करने पर चालक की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया होगा।
शराब गायब होने और चालक की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
ट्रक से शराब की पूरी खेप गायब होना और चालक का शव मिलना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ट्रक को रास्ते में कहां और किन परिस्थितियों में रोका गया था तथा शराब की खेप कहां ले जाई गई। साथ ही चालक की मौत के पीछे की परिस्थितियों का भी पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर मामले से जुड़े लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और शराब की बरामदगी को लेकर पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस की ओर से फिलहाल हत्या और शराब लूट की आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।






