गुमला। दीपावली के अवसर पर मां काली की पूजा को लेकर गुमला में तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में आकर्षक पूजा पंडालों का निर्माण कराया जा रहा है। इसी बीच मुरली बगीचा की काली पूजा इस बार खास आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। यहां पूरी तरह बांस से भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है।
पंडाल निर्माण में आठ कारीगर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उत्तम नायक, कपिल नायक, रॉबिन चिक बड़ाईक, ऋतिक नायक और दीपक नायक सहित अन्य कारीगर पंडाल को आकर्षक रूप देने में जुटे हैं। कारीगर उत्तम नायक के अनुसार इस बार बांस से तैयार होने वाला पंडाल अपनी अनोखी बनावट के कारण श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा। खासकर रात के समय रोशनी के बीच इसकी खूबसूरती देखते ही बनेगी।
मुरली बगीचा काली पूजा समिति की ओर से भी निर्माण कार्य में लगे कारीगरों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पूजा पंडाल के साथ भव्य मंच और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। समिति का प्रयास है कि मां काली के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भव्य और भक्तिमय वातावरण मिल सके।
काली पूजा के अवसर पर समिति की ओर से भव्य भंडारे और प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। पूजा के लिए पुरोहितों की विशेष टीम भी मौजूद रहेगी जो मंत्रोच्चार के साथ मां काली की आराधना करेगी।
गौरतलब है कि गुमला में पटेल चौक, सिंचाई रोड और डीएसपी रोड सहित कई स्थानों पर मां काली की पूजा आयोजित की जाती है। लेकिन मुरली बगीचा की पूजा अपनी विशेष पहचान रखती है। यहां गुमला शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और मां काली के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पूजा समिति की ओर से सुरक्षा एवं सुविधाओं की व्यवस्था की तैयारी की जा रही है।








1 thought on “गुमला: बांस से बन रहा मां काली का अनोखा दरबार, मुरली बगीचा में दिखेगा भव्य नजारा”