स्टेयरिंग लॉक होने से अनियंत्रित हुआ वाहन, पुल से नीचे गिरकर कंटेनर के उड़े परखच्चे
चौपारण (हजारीबाग)। टोल प्लाजा स्थित बराकर पुल के समीप बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अचानक अनियंत्रित हुआ एक कंटेनर पुल के पास से करीब 40 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में कंटेनर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक और खलासी की जान बाल-बाल बच गई। दोनों के सुरक्षित होने की जानकारी है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कंटेनर अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और देखते ही देखते पुल के समीप नीचे जा गिरा। वाहन गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। करीब 40 फीट की ऊंचाई से कंटेनर गिरने के बावजूद चालक और खलासी के सुरक्षित बचने से लोग हैरान रह गए।
चालक के अनुसार, वाहन का स्टेयरिंग अचानक लॉक हो गया था, जिसके कारण कंटेनर पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और यह हादसा हो गया।

इस घटना ने एक बार फिर बराकर पुल के आसपास सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तकनीकी स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इसे भी पढ़े: चौपारण: चयकलां पैक्स चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, मतदाता सूची जारी, 9 नवंबर तक दर्ज होगी आपत्ति






1 thought on “बराकर पुल पर बड़ा हादसा: 40 फीट नीचे गिरा कंटेनर, चालक और खलासी सुरक्षित”