तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ, स्कूलों में चलेगा दो महीने तक जागरूकता कार्यक्रम; कोटपा कानून के तहत होगी छापेमारी
सराइकेला-खरसावां। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सराइकेला में बुधवार को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 की शुरुआत की गई। इस अवसर पर एनआर प्लस टू उच्च विद्यालय, सराइकेला में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रैली निकालकर लोगों को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच जागरूकता संबंधी पर्चे वितरित किए गए। साथ ही उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अधिकारियों को तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके बाद बच्चों ने विद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली और आसपास के क्षेत्रों में घूमकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया।
दो महीने तक चलेगा विशेष अभियान
अधिकारियों ने बताया कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर तक स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके अलावा कोटपा अधिनियम 2003 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के सभी प्रखंडों में पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम छापेमारी अभियान चलाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू नियंत्रण से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

तंबाकू छोड़ने वालों को मिलेगी परामर्श और उपचार की सुविधा
कार्यक्रम में बताया गया कि जिले के सभी प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र संचालित हैं। यहां तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को विशेषज्ञों द्वारा परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि इससे मुंह का कैंसर, हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार कराने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन पर स्वास्थ्य संस्थानों में नशामुक्ति सेवाओं को मजबूत बनाने और झारखंड को तंबाकू मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग के अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), जिला परामर्शदाता (एनसीपी), एनसीडी के अशोक यादव, डीपीए एनसीडी सराइकेला, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
इसे भी पढ़े: बराकर पुल पर बड़ा हादसा: 40 फीट नीचे गिरा कंटेनर, चालक और खलासी सुरक्षित







1 thought on “तंबाकू के खिलाफ सराइकेला में बच्चों ने भरी हुंकार, जागरूकता रैली निकाल दिया नशामुक्ति का संदेश”